राजपाल यादव की बॉलीवुड से गुहार, बोले- किरदार मेरी मर्जी का और पैसा आपकी मर्जी का
क्या है खबर?
मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव ने जेल से रिहा होने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में अपनी वापसी को लेकर एक भावुक अपील की है। चेक बाउंस के मामले में जेल की सजा काटकर बाहर आए अभिनेता ने स्वीकार किया कि वो वर्तमान में काम की कमी का सामना कर रहे हैं। राजपाल ने बॉलीवुड के निर्देशकों-निर्माताओं से उन्हें दोबारा मौका देने की गुजारिश करते हुए कहा है कि वो फिर से कैमरे के सामने लौटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
आभार
"हर दुआ ने मुझे आगे बढ़ाया, बस एक और मौका दे दो"
राजपाल ने कहा, "मैं अपने समर्थकों और आलोचकों दोनों का आभार व्यक्त करता हूं। मैं हर दुआ और आशीर्वाद की वजह से आगे बढ़ा हूं। मैं उन लोगों का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर मेरा साथ दिया और मैं उन लोगों को भी धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने मेरी आलोचना की। जिन्होंने मेरी मदद की है, वो कृपया मेरी एक और मदद कर दें। किरदार मेरी मर्जी का हो और पैसा उनकी मर्जी का।"
अपील
जेल में कैदियों की भलाई के लिए राजपाल यादव की मुख्यमंत्री से विनती
इंडिया टीवी से बातचीत में राजपाल ने कहा, "मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से ये अनुरोध करना चाहता हूं कि वहां (जेल) मौजूद कुछ लोगों के लिए कुछ किया जाए, क्योंकि एक गलती को नजरअंदाज किया जा सकता है। हालांकि, साथ ही मैं न्यायपालिका और उनके फैसले का पूरा सम्मान करता हूं, लेकिन अगर हम उनमें से कुछ लोगों के लिए कुछ (भलाई) कर सकें तो ये बहुत अच्छा होगा।"
मामला
राजपाल ने लिया था 5 करोड़ का कर्ज
राजपाल ने 2010 में अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के लिए 5 करोड़ का कर्ज लिया था, जो ब्याज के साथ 11 करोड़ हो गया। 2018 में उन्हें और पत्नी राधा को 6 महीने की जेल हुई। जून 2024 में सजा सस्पेंड हुई, लेकिन किश्त में देरी पर कोर्ट ने 5 फरवरी को सरेंडर करने का आदेश दिया। सरेंडर करते समय राजपाल ने कहा था, "सर मैं क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं। अब कोई रास्ता नजर नहीं बचा।"
आगामी फिल्में
राजपाल की आने वाली फिल्में
राजपाल ने साल 1999 में फिल्म 'दिल क्या करे' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपनी लाजवाब कॉमेडी से दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई है। 'फिर हेरा फेरी', 'भागम भाग', 'चुपके चुपके', 'ढोल' और 'दे दना दन' जैसी फिल्मों में राजपाल के किरदार आज भी लोगों को हंसने पर मजबूर कर देते हैं। राजपाल जल्द ही अक्षय कुमार संग 'वेलकम टू द जंगल' और 'भूत बंगला' जैसी फिल्मों में कॉमेडी का तड़का लगाते दिखेंगे।