राजपाल के लिए छलका प्रियदर्शन का दर्द, बोले- बेचारा कम पढ़ा-लिखा होने के कारण फंस गया
क्या है खबर?
प्रियदर्शन और राजपाल यादव की जोड़ी ने बॉलीवुड को कई बेहतरीन कॉमेडी फिल्में दी हैं। अब मुश्किल वक्त में प्रियदर्शन अपने पसंदीदा कलाकार के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। प्रियदर्शन ने राजपाल के प्रति सहानुभूति जताई है। उन्होंने कहा कि राजपाल एक बेहतरीन अभिनेता हैं, लेकिन शिक्षा की कमी के कारण वो कानूनी और वित्तीय पेचीदगियों को समझ नहीं पाए, जिससे वो विवादों में घिर गए। उन्होंने बताया कि वो राजपाल की परेशानी पहले से जानते थे।
सिफारिश
प्रियदर्शन ने बढ़ाई राजपाल की फीस
मिडे डे से प्रियदर्शन बोले, "मैं उन्हें 20 साल से भी ज्यादा समय से जानता हूं। मैंने उन्हें पहली बार फिल्म 'जंगल' में देखा था और उनके अभिनय ने मुझे हैरान कर दिया था। उनके साथ मेरी पहली फिल्म 'मालामाल वीकली' थी। उसके बाद से वो मेरी लगभग हर फिल्म का हिस्सा रहे हैं। उनकी मौजूदा स्थिति को देखते हुए मैंने अपनी अगली फिल्म के निर्माताओं से कहा है कि राजपाल को उनकी तय फीस से ज्यादा पैसे दिए जाएं।"
सराहना
"बहुत नेक इंसान है राजपाल"
प्रियदर्शन ने कहा, "हम उन्हें (इस मुसीबत से) बचाना चाहते हैं और निर्माता भी इस बात पर सहमत हो गए हैं। राजपाल मेरी इस फिल्म में विलेन (खलनायक) की भूमिका निभा रहे हैं। मुझे उसकी समस्या के बारे में पता था, इसलिए मैं राजपाल को अपनी हर फिल्म में साइन करता रहा। मैंने उन्हें विज्ञापनों में भी काम दिलाया। उस बेचारे ने कम पढ़ा-लिखा होने की वजह से बहुत बड़ी गलती कर दी। राजपाल एक बहुत ही नेक इंसान है।"
समर्थन
राजपाल यादव को बॉलीवुड का बड़ा सहारा
बता दें कि सलमान खान से लेकर अजय देवगन, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, डेविड धवन और सोनू सूद जैसे कई हस्तियों ने राजपाल की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। पूरा बॉलीवुड इस मुश्किल घड़ी में राजपाल के साथ खड़ा है। उनकी पत्नी राधा ने इस मुश्किल घड़ी में मिल रहे समर्थन के लिए फिल्म इंडस्ट्री का शुक्रिया अदा किया था। उन्होंने उन सभी का दिल से शुक्रिया अदा किया था, जो इस वक्त मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
मामला
चेक बाउंस मामले में राजपाल को 6 महीने की सजा
चेक बाउंस के एक पुराने मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से राहत न मिलने के बाद कॉमेडी किंग राजपाल ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था। सरेंडर करते समय राजपाल ने रुंधे गले से कहा था, "सर मैं क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं। मुझे अब और कोई रास्ता नजर नहीं आता।" फिलहाल राजपाल 6 महीने की सजा काट रहे हैं। उनकी जमानत याचिका पर अगली सुनवाई 16 फरवरी, 2026 को होनी है।