LOADING...
राजपाल यादव को नहीं मिली राहत, हाई कोर्ट ने कहा- आप अपनी वादाखिलाफी से जेल गए
राजपाल यादव को राहत

राजपाल यादव को नहीं मिली राहत, हाई कोर्ट ने कहा- आप अपनी वादाखिलाफी से जेल गए

Feb 12, 2026
03:27 pm

क्या है खबर?

चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे अभिनेता राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका लगा है। कोर्ट ने अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए दायर की गई उनकी अंतरिम जमानत याचिका पर फिलहाल उन्हें रिहा करने से इनकार कर दिया है। अदालत ने इस मामले में शिकायतकर्ता मुरली प्रोजेक्ट कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और मामले की सुनवाई 16 फरवरी तक के लिए टाल दी है।

इनकार

जेल में ही रहेंगे राजपाल

चेक बाउंस मामले में पिछले 7 दिनों से जेल में सजा काट रहे राजपाल की जमानत याचिका पर 12 फरवरी, 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन उन्हें कोर्ट से राहत नहीं मिल पाई। अदालत ने उन्हें फिलहाल रिहा करने से इनकार कर दिया है। राजपाल ने 5 फरवरी को सरेंडर किया था। सरेंडर के वक्त वो काफी भावुक थे और उन्होंने कहा था कि उनके पास पैसे नहीं हैं और वो इस मुश्किल घड़ी में अकेले हैं।

सुनवाई

भुगतान तक राहत नहीं, हाई कोर्ट का साफ संदेश

सुनवाई के दौरान जज ने राजपाल से कहा, "आप जेल इसलिए नहीं गए क्योंकि कोर्ट ने आदेश दिया, बल्कि इसलिए क्योंकि आपने अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा नहीं किया। आप पैसे कोर्ट के कहने पर नहीं, बल्कि अपने समझौते के तहत देने वाले थे।" कोर्ट ने साफ किया कि राजपाल अपने समझौतों से पीछे हटे हैं, जो अवमानना जैसा है। जब तक भुगतान को लेकर ठोस कदम नहीं उठते, तब तक राहत मिलना मुश्किल है।

Advertisement

मदद

बॉलीवुड से मिल रहा समर्थन

बता दें कि राजपाल के जेल में जाने की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए। अजय देवगन से लेकर सलमान खान, सोनू सूद, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, डेविड धवन और मीका सिंह जैसी कई बॉलीवुड हस्तियों ने इस कानूनी पचड़े से निकालने में उनकी बड़ी मदद की है। उधर म्यूजिक प्रोड्यूसर राव इंद्रजीत सिंह ने राजपाल को 1 करोड़ 11 लाख रुपये की बड़ी धनराशि देने की घोषणा की।

Advertisement

मामला

5 करोड़ का कर्ज और 9 करोड़ की देनदारी, जानिए पूरा मामला

ये पूरा मामला साल 2010 में शुरू हुआ था। राजपाल अपनी फिल्म 'अता पता लापता' का निर्देशन कर रहे थे। फिल्म बनाने के लिए उन्होंने दिल्ली के एक बिजनेसमैन (मुरली प्रोजेक्ट्स कंपनी) से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था, जो ब्याज समेत 9 करोड़ हो गया। जब अभिनेता ने कर्ज चुकाने के लिए चेक दिए तो वो बैंक में बाउंस हो गए। इसके बाद बिजनेसमैन ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी और चेक बाउंस का मुकदमा दर्ज कराया।

Advertisement