Page Loader
आशीष विद्यार्थी की दूसरी शादी से पहली पत्नी ने दुखी होने की खबरों का किया खंडन
राजोशी ने आशीष की दूसरी शादी पर की बात

आशीष विद्यार्थी की दूसरी शादी से पहली पत्नी ने दुखी होने की खबरों का किया खंडन

May 27, 2023
03:00 pm

क्या है खबर?

आशीष विद्यार्थी ने गुरुवार को अपनी दूसरी शादी की खबर दी थी। उनकी शादी की तस्वीरें देखकर चाहने वाले खुश भी थे और हैरान भी। हालांकि, शुक्रवार को उनकी पहली पत्नी राजोशी विद्यार्थी की इंस्टाग्राम स्टोरी से हर किसी का दिल टूट गया। राजोशी ने आशीष और रुपाली बरुआ की शादी के बाद एक दर्द भरा पोस्ट किया था। अब एक बातचीत में उन्होंने साफ किया है कि वह दुखी नहीं हैं और उनके रुपाली के साथ अच्छे संबंध हैं।

स्टोरी

क्या थी राजोशी की इंस्टाग्राम स्टोरी?

राजोशी ने आशीष की शादी के बाद इंस्टाग्राम पर लिखा था, 'सही व्यक्ति आपको यह सोचने पर मजबूर नहीं करेगा कि आप उनके लिए क्या मायने रखते हैं। वह कुछ ऐसा नहीं करेगा, जिससे आपको दुख होता है।' एक अन्य स्टोरी में उन्होंने लिखा, 'आपके जीवन से सभी शंकाएं दूर हों, सभी उलझन खत्म हों। आपका जीवन शांति से भरा रहे। आप काफी समय तक मजबूत रहे हैं। अब वक्त है कि आप अपनी तरफ आने वाले आशीर्वाद ग्रहण करें।'

सफाई

राजोशी ने मीडिया पर जताई नाराजगी

ईटाइम्स से बातचीत में राजोशी ने साफ किया कि इस शादी से वह दुखी नहीं हैं। बस उनके स्टोरी पोस्ट करने का समय गलत साबित हुआ। उन्होंने ऐसी खबरें फैलाने के लिए मीडिया पर भी नाराजगी जताई और कहा कि आज के समय में मीडिया सोशल मीडिया पोस्ट्स से चलता है। उन्होंने कहा, "मैं दुखी नहीं हूं। आशीष बेहतरीन इंसान हैं। बस पिछले 2 सालों से हम दोनों जीवन को अलग तरीके से देखने लगे थे।"

अलगाव

क्या कड़वाहट की वजह से राजोशी और आशीष हुए अलग?

राजोशी ने कहा कि उनके और आशीष के बीच कोई कड़वाहट नहीं है। दोनों ने बातचीत करके यह फैसला लिया था। उन्होंने फोन करके अपने बेटे अर्थ को इसके बारे में बताया। इसके बाद दोनों उससे मिलने विदेश भी गए थे। उन्होंने कहा, "आशीष और उनकी पत्नी रुपाली भी अर्थ से मिल चुकी हैं। वह बहुत प्रगतिशील है। वे दोनों हमारे घर भी आते हैं। हम भी उनके घर जाते हैं।"

पक्ष

दूसरी शादी करना कोई गुनाह नहीं

आशीष की दूसरी शादी को लेकर राजोशी ने उनका पक्ष लिया। उन्होंने कहा, "हमारे बीच कोई कड़वाहट नहीं है। मुझे लगता है पहली पत्नी से आपसी सहमति से तलाक लेकर, दूसरी शादी करके कोई आदमी कोई गुनाह नहीं करता है। वह आदमी 21 वर्ष का हो या 61 वर्ष का। मीडिया हर बात पर इतनी उतावली क्यों हो जाती है और सोशल मीडिया पोस्ट का अपना मतलब निकालने लगती है।"

शादी 

गुरुवार को आशीष और रुपाली की हुई थी शादी

विद्यार्थी और बरुआ ने गुरुवार को सुबह कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद शाम को उन्होंने एक निजी समारोह का आयोजन किया, जिसमें उनके करीबी लोग और परिवार वाले ही शामिल हुए। असम की रहने वाली रुपाली कोलकाता में बिजनेस करती हैं। विद्यार्थी हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता हैं। वह 11 भाषाओं में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। अपने बेजोड़ अभिनय से वह खलनायक के रूप में खुद को स्थापित कर चुके हैं।