राजकुमार राव ने बताया पर्दे के पीछे का संघर्ष, बोले- निर्माता बनना 24 घंटे की नौकरी
क्या है खबर?
अभिनेता राजकुमार राव ने हाल ही में स्वीकार किया कि कैमरे के सामने खड़े होकर अभिनय करना और कैमरे के पीछे पूरी फिल्म को संभालना, 2 अलग दुनिया हैं। बतौर निर्माता उनका अनुभव काफी चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने महसूस किया कि एक अभिनेता के तौर पर वो पैक-अप के बाद घर जा सकते हैं, लेकिन एक निर्माता का दिमाग 24 घंटे फिल्म के बजट, रसद प्रबंधन और क्रू की जरूरतों में लगा रहता है। क्या कुछ बोले राजकुमार, आइए जानते हैं।
अनुभव
मशक्कत भरी पर्दे के पीछे की दुनिया, राजकुमार का निर्माणी अनुभव
अमर उजाला से हालिया बातचीत में राजकुमार ने बताया कि फिल्म निर्माण की दुनिया में कदम रखना उनके लिए एक आत्मविश्वास जगाने वाला और चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि निर्माता बनना उतना आसान नहीं है, जितना बाहर से दिखता है। राजकुमार ने बताया कि एक निर्माता का काम कभी खत्म नहीं होता। ये 24 घंटे की नौकरी है, जिसमें आपको हर दिन, हर समय छोटे-बड़े अनगिनत फैसले लेने पड़ते हैं।
कारण
पहली फिल्म के लिए 'डार्क-कॉमेडी' ही क्यों?
जब राजकुमार से पूछा गया कि उन्होंने बतौर निर्माता अपनी पहली फिल्म डार्क कॉमेडी ही क्यों चनी तो वो बोले कि उन्होंने अपने पहले प्रोडक्शन के लिए कई स्क्रिप्ट्स पढ़ी थीं, लेकिन 'टोस्टर' की कहानी पढ़ते ही उन्हें भा गई। इसके अनोखे किरदारों और दिलचस्प कहानी ने उन्हें तुरंत प्रभावित किया। उनके मुताबिक, ये फिल्म सिर्फ हंसाती नहीं है, बल्कि इसमें कॉमेडी के साथ-साथ मिस्ट्री और थ्रिल का भी सटीक मिश्रण है, जो इसे दूसरी फिल्मों से अलग बनाता है।
जिम्मेदारी
प्रोडक्शन की असली 'बॉस' बनीं पत्रलेखा तो दंग रह गए राजकुमार
राजकुमार बोले, "पहले लगता था कि निर्माता का काम सिर्फ एक अच्छी टीम चुनना है और उसके बाद सब अपने आप हो जाता है, लेकिन असल में ये काम उम्मीद से कहीं ज्यादा जटिल है।" अपनी पत्नी और सह-निर्माता पत्रलेखा का काम देखकर राजकुमार दंग रह गए। उन्होंने बताया कि जिस तरह से पत्रलेखा ने पूरी फिल्म का प्रबंधन किया, उससे उन्होंने बहुत कुछ सीखा। वाे लगातार यही सोचते रहे कि पत्रलेखा इतनी सारी जिम्मेदारियां अकेले कैसे संभाल रही हैं।
आगामी फिल्में
राजकुमार राव की आने वाली फिल्में
राजकुमार की आने वाली फिल्मों की बात करें तो उनके पास वकील उज्जवल निकम की बायोपिक है। 'स्त्री 3' में एक बार फिर वो मुख्य भूमिका निभाने वाले हैं। इसके अलावा सौरव गांगुली की बायाेपिक उनके खाते में है और करण जौहर की क्रिएचर फिल्म में भी राजकुमार अहम भूमिका निभा रहे हैं। शूजीत सरकार की अगली फिल्म में भी राजकुमार अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे, जिसमें उनका साथ देंगे अभिनेता मनोज बाजपेयी।