राजकुमार संतोषी का चेक बाउंस केस पर आया बयान, बोले- मामला फर्जी है, सब संभाल लेंगे
क्या है खबर?
निर्देशक राजकुमार संतोषी बीते दिन तब चर्चा में आए, जब चेक बाउंस के एक मामले में कोर्ट ने उन्हें जेल की सजा सुनाई।
संतोषी के शुभचिंतकों को इस खबर से बड़ा सदमा लगा। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों को यह भी चिंता होने लगी कि अब सनी देओल के साथ उनकी फिल्म 'लाहौर 1947' का क्या होगा।
बहरहाल, अब इस पर संतोषी का जवाब आ गया है। उनका कहना है कि चिंता वाली कोई बात नहीं है।
बयान
"सुर्खियों में बने रहने के लिए लोग ऐसा करते हैं"
गुजरात के जामनगर के एक कोर्ट ने चेक बाउंस केस में संतोषी को 2 साल की सजा सुनाई है। साथ ही उन्हें शिकायतकर्ता को 2 करोड़ रुपये जुर्माना भी भरने को कहा है।
इस पर संतोषी ने कहा, "यह कुछ भी नहीं है। इसके बारे में चिंता की जरूरत नहीं है। यह एक फर्जी मामला है। सुर्खियों में बने रहने के लिए लोग ऐसा करते हैं। चूंकि आप एक बड़ा नाम हैं, इसलिए ऐसे मुद्दे भी समाचार बन जाते हैं।"
बयान
आसानी से निपट जाएगा मामला- संतोषी
संतोषी ने आगे कहा, "इस मामले को आसानी से हल कर लिया जाएगा। मेरे वकील इस मामले को लेकर सक्रिय हैं। मैं इसे लेकर जरा भी परेशान नहीं हूं। कानून को अपना काम करने दीजिए। मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।"
उन्होंने कहा, "फिलहाल मैं अपनी आगामी फिल्म 'लाहौर 1947' की शूटिंग कर रहा हूं। शबाना आजमी भी फिल्म के लिए अपनी शूटिंग शुरू कर चुकीं है। मैंने पहले उनके साथ काम नहीं किया है और मैं काफी उत्साहित हूं।"
अपील
हाई कोर्ट में अपील करेंगे संतोषी के वकील
संतोषी के वकील ने बताया, "कोर्ट ने अपने फैसले पर 30 दिनों के लिए रोक लगा दी है और उन्हें जमानत भी दे दी है। हमने कोर्ट के फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील करने के लिए समय मांगा था। मजिस्ट्रेट अदालत ने कई तथ्यों को नजरअंदाज किया। झूठे दावों के आधार पर चेक में बदलाव किए गए और हमारे खिलाफ फैसला सुनाया गया। हम अब हाई कोर्ट में मामला लेकर जाएंगे और वहां अपना पक्ष रखेंगे।"
मामला
किस मामले में फंसे संतोषी?
दरअसल, पूरा मामला एक उद्योगपति अशोक लाल से जुड़ा हुआ है। 2015 में अशोक लाल ने संतोषी को एक करोड़ रुपये उधार दिए थे।
इस कर्ज को चुकाने के लिए संतोषी ने उन्हें 10 लाख रुपये के 10 चेक दिए थे, जो दिसंबर, 2016 में बाउंस हो गए। कानूनी नोटिस जारी करने के बाद भी जब संतोषी ने लाल के पैसे नहीं लौटाए तो इसके बाद उद्योगपति ने साल 2017 में कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
जानकारी
कई सफल फिल्में निर्देशित कर चुके हैं संतोषी
संतोषी ने 'घायल', 'दामिनी', 'घातक', 'अंदाज अपना अपना', 'द लेजेंड ऑफ भगत सिंह' और 'अजब प्रेम की गजब कहानी' जैसी कई सफल फिल्में निर्देशित की हैं। उन्होंने सनी समेत शाहिद कपूर, रणबीर कपूर, अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार जैसे कई सितारों संग काम किया है।