आमिर-सलमान की 'अंदाज अपना अपना' का सीक्वल कभी नहीं बनेगा, नए रंग-रूप में आएगी 'अदा अपनी अपनी'
‘अंदाज अपना अपना’ के फैंस के लिए निराश करने वाली खबर है। निर्देशक राजकुमार संतोषी ने कहा है कि साल 1994 में आई सलमान खान और आमिर खान की इस कल्ट फिल्म का सीक्वल नहीं बनेगा। उन्होंने IANS से बातचीत में बताया कि वो सीक्वल बनाने में विश्वास नहीं रखते। हालांकि, वो इसी जॉनर की नई कॉमेडी-एडवेंचर फिल्म ‘दा अपनी अपनी’ बना रहे हैं। फिल्म में मस्ती और संगीत का अंदाज देखने को मिलेगा, लेकिन इसकी कहानी और किरदार नए होंगे।
'अदा अपनी अपनी' में भी वही अंदाज
संतोषी ने बताया कि ‘अदा अपनी अपनी’ में भी ‘अंदाज अपना अपना’ की तरह कॉमेडी और एडवेंचर का तड़का देखने को मिलेगा। हालांकि, फिल्म में अमर, प्रेम या मूल फिल्म का कोई भी पुराना किरदार नजर नहीं आएगा। अभी तक फिल्म की पूरी स्टार कास्ट का खुलासा नहीं हुआ है, इसलिए ये भी साफ नहीं है कि आमिर खान या सलमान खान इसमें दिखाई देंगे या नहीं। संतोषी का कहना है कि इस नई फिल्म के जरिए दर्शकों को कुछ नया देने की कोशिश की जाएगी, लेकिन इसके साथ ही मूल फिल्म की खास मस्ती और मनोरंजन का अंदाज भी बरकरार रखा जाएगा।