सौरव गांगुली के किरदार में दिखेंगे राजकुमार राव, इस दिन आ सकती है पहली झलक
क्या है खबर?
राजकुमार राव के फैंस उन्हें पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरव गांगुली के किरदार में देखेंगे। 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' नाम से बनी रही इस बायोपिक की शूटिंग इसी साल अप्रैल में शुरू हुई थी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में बैठकर अभिनेता ने खुद इसका ऐलान किया था। तब से फैंस फिल्म से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट जानने के लिए उत्साहित हैं। हालिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि निर्माता फिल्म से राजकुमार की पहली झलक जारी करने वाले हैं।
योजना
इस दिन फिल्म से आ सकती है पहली झलक
टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक, निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने 8 जुलाई को फिल्म से जुड़ा तोहफा दर्शकों के साथ साझा करने की तैयारी कर रहे हैं। दरअसल, इस दिन गांगुली अपना 54वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। इस अवसर पर निर्माता फिल्म की एक झलक दिखाने की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें राजकुमार को उनके किरदार में देखा जाएगा। इस अपडेट ने फैंस की उत्सुकता को बढ़ा दिया है, जो इंतजार कर रहे हैं कि फिल्म में क्या नया है।
फिल्म
क्रिकेटर से भारतीय कप्तान बनने तक का दिखेगा सफर
खबरों के मुताबिक, फिल्म में गांगुली के शुरुआती करियर से लेकर उनके कप्तान बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा। यह बायोपिक उनकी निजी जिंदगी और पत्नी संग रिश्ते को भी दर्शाएगी। फिल्म में राजकुमार के अलावा, सास्वता चटर्जी के जुड़ने की चर्चा भी है, जो गांगुली के पिता चंडीदास गांगुली का किरदार निभाएंगे। वहीं क्रिकेटर की पत्नी डोना गांगुली के किरदार में तान्या मानिकतला नजर आ सकती हैं। फिलहाल, फिल्म की रिलीज को लेकर आधिकारिक अपडेट आना बाकी है।