सौरव गांगुली की बायोपिक से जुड़े सास्वता चटर्जी, निभाएंगे ये अहम किरदार
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेटर सौरव गांगुली के जीवन पर फिल्म बन रही है, जिसमें राजकुमार राव नजर आएंगे। अभिनेता इस बयोपिक में गांगुली का किरदार निभा रहे हैं और फिल्म काे अस्थायी शीर्षक 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' दिया गया है। फिलहाल मुंबई में फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। एक दिग्गज अभिनेता भी इस परियोजना का हिस्सा बन गए हैं। यह जाने-माने अभिनेता सास्वता चटर्जी हैं, जिन्हें 'कहानी' और 'द बंगाल फाइल्स' जैसी कई फिल्मों में देखा जा चुका है।
किरदार
फिल्म में ये किरदार निभाएंगे सास्वता चटर्जी
इंडिया टुडे के मुताबिक, सास्वता फिल्म में गांगुली के पिता चंडीदास गांगुली का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। क्रिकेटर की मां निरूपा का किरदार अपराजिता ऑडी निभा रही हैं, जबकि उनके भाई स्नेहाशीष का किरदार राहुल देव बोस निभाते दिखेंगे। बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में, एक सूत्र ने बताया कि तीनों अभिनेता फिलहाल मुंबई में शूटिंग कर रहे हैं। रविवार को गांगुली भी सेट पर मौजूद थे। हालांकि प्रोडक्शन टीम इस महीने के आखिर से कोलकाता में शूटिंग शुरू करेगी।
फिल्म
सौरव गांगुली की पत्नी का किरदार निभाएंगी ये अभिनेत्री
सूत्र ने आगे बताया कि विक्रम आदित्य मोटवाने द्वारा निर्देशित इस फिल्म में, गांगुली की पत्नी डोना गांगुली के किरदार के लिए तान्या मानिकतला को चुना गया है। उनसे पहले, मिमी चक्रवर्ती, ईशा साहा और अमृता चट्टोपाध्याय सहित कई बंगाली अभिनेत्रियों के नाम चर्चा में थे। फिल्म के जरिए क्रिकेटर के शुरुआती करियर से लेकर उनके कप्तान बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा। साथ ही उनकी निजी जिंदगी और पत्नी संग रिश्ते को भी दर्शाया जाएगा।