LOADING...
'फौजी' के सेट पर अभिनेता राजेश शर्मा को जहरीले कीड़े ने काटा? निर्माताओं ने बताई सच्चाई
'फौजी' के सेट पर राजेश शर्मा को कीड़े ने काटा? जानिए सच

'फौजी' के सेट पर अभिनेता राजेश शर्मा को जहरीले कीड़े ने काटा? निर्माताओं ने बताई सच्चाई

Jul 09, 2026
06:26 pm

क्या है खबर?

प्रभास अभिनीत फिल्म 'फौजी' के निर्माताओं ने उन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि हैदराबाद में शूटिंग के दौरान एक जहरीले कीड़े के काटने से अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मामले को देखते हुए AICWA ने भी सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्माताओं से घटना की जांच करने की मांग की थी। अब निर्माताओं ने इन दावों को महज अफवाह बताया है।

इनकार

'फौजी' के सेट पर राजेश शर्मा के साथ नहीं हुआ कोई हादसा

तेलुगू सिनेमा की लोकप्रिय वेबसाइट गुल्टे की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म 'फौजी' की प्रोडक्शन टीम ने सेट पर ऐसी किसी भी दुर्घटना या मेडिकल इमरजेंसी की बात से साफ इनकार किया है। निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि फिल्म के सेट पर राजेश शर्मा के साथ ऐसी कोई घटना होने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। प्रोडक्शन हाउस के किसी भी सदस्य को सेट पर किसी दुर्घटना या तबीयत बिगड़ने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी।

खुलासा

"1 हफ्ते पहले ही अपना शूट पूरा कर घर लौट चुके थे राजेश"

निर्माताओं ने खुलासा किया कि राजेश खबरें आने से एक हफ्ते पहले ही अपना शूटिंग शेड्यूल पूरा कर सुरक्षित घर लौट चुके थे, इसलिए सेट पर कीड़े काटने का दावा पूरी तरह गलत है। निर्माताओं ने बताया कि जब सोशल मीडिया पर अभिनेता की बीमारी और अस्पताल में भर्ती होने की अफवाहें उड़ीं तो उन्होंने वास्तविकता जानने और उनका हालचाल पूछने के लिए परिवार से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय उन्हें कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

Advertisement

बयान

अभिनेता के निजी सहायक ने भी साफ की स्थिति

इस पूरे मामले पर राजेश के निजी सहायक शुभाशीष पांडा ने भी स्थिति साफ की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिनेता की बीमारी का 'फौजी' फिल्म की शूटिंग से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि राजेश को डायबिटीज के कारण पैर में सूजन आई थी, जिसके चलते एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने शूटिंग से जुड़े दावों को पूरी तरह निराधार बताया है।

Advertisement

अफवाह

अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी के इस पोस्ट से फैली थी अफवाह

दरअसल, ये अफवाह तब फैली, जब अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने सोशल मीडिया पर राजेश के परिवार की ओर से उनकी सेहत से जुड़ा अपडेट साझा कर लिखा था कि हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग खत्म होने के बाद राजेश पास ही के एक घने पेड़-पौधों वाले इलाके में स्थानीय तकनीशियनों से बात कर रहे थे, तभी उन्हें किसी जहरीली मकड़ी ने काट लिया, बाद में उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

Advertisement