राजेश शर्मा 'फौजी' के सेट पर कीड़े के काटने से बीमार, उच्च स्तरीय जांच की मांग
क्या है खबर?
सुपरस्टार प्रभास की आगामी फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान हाल ही में दिग्गज अभिनेता राजेश शर्मा को एक जहरीले कीड़े ने काट लिया, जिसके बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने कड़ा रुख अपनाते हुए सेट पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। AICWA ने सेट पर सुरक्षा इंतजामों और लापरवाही को लेकर गहरी चिंता जताई है।
तबीयत
मामूली कीड़े के काटने से बिगड़ी अभिनेता की तबीयत
हैदराबाद में प्रभास की फिल्म 'फौजी' के सेट पर कीड़े के काटने से अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत गंभीर हो गई। एक मामूली बाइट के बाद इंफेक्शन बढ़ने के कारण उन्हें तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिसके बाद उन्हें कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। इस बीच AICWA ने मामले में दखल देते हुए सुरक्षा मानकों को लेकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
सवाल
सेट पर सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल
AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने फिल्म सेट पर कलाकारों और क्रू की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस मामले में संगठन ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी कर राजेश शर्मा की तबीयत बिगड़ने पर गहरी चिंता जताई। AICWA के मुताबिक, शूटिंग के दौरान हालत खराब होने के बाद अभिनेता इलाज के लिए कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए। संगठन ने सेट पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
भर्ती
AICWA ने पूछा- हैदराबाद में क्यों नहीं कराया गया भर्ती?
राजेश अभी भी खतरे से बाहर नहीं हैं। AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा कि उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इस मेडिकल इमरजेंसी के कारणों की पूरी, स्वतंत्र और पारदर्शी जांच होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही, AICWA ने 'फौजी' फिल्म के निर्माताओं पर भी तीखे सवाल उठाए हैं कि तबीयत बिगड़ने के तुरंत बाद राजेश शर्मा को हैदराबाद के ही किसी बड़े अस्पताल में भर्ती क्यों नहीं कराया गया और उन्हें कोलकाता क्यों जाना पड़ा।
अपील
मुख्यमंत्री से जांच और कानूनी कार्रवाई की अपील
AICWA ने सवाल उठाया कि क्या सेट पर चिकित्सा सुविधाएं और सुरक्षा प्रोटोकॉल मौजूद थे? संगठन ने शूटिंग लोकेशंस पर खराब साफ-सफाई पर चिंता जताते हुए कहा कि टीम की सुरक्षा निर्माताओं की नैतिक और कानूनी जिम्मेदारी है। इस मामले को लेकर AICWA ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से तुरंत उच्च स्तरीय जांच कराने और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले प्रोडक्शन हाउस व निर्माताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
जानकारी
भारतीय सिनेमा का एक जाना-माना नाम हैं राजेश शर्मा
राजेश भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक हैं। उन्होंने कई हिंदी और बंगाली फिल्मों में अभिनय किया है। उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों में 'माचिस', 'परिणीता', 'खोसला का घोसला', 'इश्किया', 'नो वन किल्ड जेसिका' और 'द डर्टी पिक्चर' जैसी बेहतरीन फिल्में शामिल हैं।