राजेश शर्मा की हालत नाजुक, 'फौजी' के निर्माताओं से सुरक्षा पर जवाबतलब
'मिर्जापुर' और 'जमतारा' जैसे मशहूर शोज में अपने दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाले अभिनेता राजेश शर्मा की हालत इस वक्त नाजुक बनी हुई है।
रामोजी फिल्म सिटी में अपनी नई फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में तो यह एक मामूली घटना लगी, लेकिन देखते ही देखते उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई।
इस घटना ने अब बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं कि फिल्म सेट पर सुरक्षा के क्या इंतजाम होते हैं और किसी अनहोनी की सूरत में निर्माताओं की क्या जवाबदेही बनती है।
'फौजी' के निर्माताओं से हो रही ये गुजारिश
कोलकाता लौटने पर उन्हें तेज बुखार आया और सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में दाखिल कराया गया।
अब 'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' ने 'फौजी' के निर्माताओं से अपील की है कि वे राजेश के इलाज का सारा खर्च उठाएं और सेट पर सुरक्षा के इंतजामों की दोबारा जांच करें। इस पूरे मामले ने इंडस्ट्री में एक नई बहस छेड़ दी है।
अब यह सवाल उठ रहा है कि कलाकारों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए, खासकर उन कलाकारों की, जिनके पास मजबूत कॉन्ट्रैक्ट नहीं होते।
इंडस्ट्री के लोग चाहते हैं कि सेट पर किसी भी अनहोनी की स्थिति में उन्हें पूरा सपोर्ट और मदद मिले।