राजामौली की 'RRR' ने महज तीन दिनों में कमाए 500 करोड़ रुपये
क्या है खबर?
निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' थिएटर में अपना जलवा बिखेर रही है। फिल्म 25 मार्च को सिनेमाघरों में आई थी। इस फिल्म में राम चरण और जूनियर NTR सुपरहीरो के रूप में दिखे हैं।
वहीं, अजय देवगन और आलिया भट्ट का दमदार कैमियो भी फिल्म को खास बनाता है।
अब जानकारी सामने आ रही है कि इस फिल्म ने महज तीन दिनों में दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
ट्विटर पोस्ट
समीक्षक तरण आदर्श ने शेयर किया कमाई का आंकड़ा
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने ट्विटर पर फिल्म की कमाई का आंकड़ा शेयर किया है।
उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'फिल्म 'RRR' एक नया बेंचमार्क सेट कर रही है। इस फिल्म ने दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये बटोर लिए हैं। फिल्म का ओपनिंग वीकेंड अच्छा रहा। राजामौली भारतीय सिनेमा का गौरव वापस लेकर आए हैं।'
तरण ने आगे कहा कि नन-हॉलीडे और महामारी में इसे अच्छा बिजनेस माना जाएगा।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए तरण आदर्श का ट्विटर पोस्ट
#RRR is setting new BENCHMARKS... ₹ 500 cr [and counting]... WORLDWIDE GBOC *opening weekend* biz... EXTRAORDINARY Monday on the cards... #SSRajamouli brings back glory of INDIAN CINEMA. Note: Non-holiday release. Pandemic era. pic.twitter.com/ztuu4r9eam
— taran adarsh (@taran_adarsh) March 28, 2022
कमाई
फिल्म के हिन्दी वर्जन ने भी किया अच्छा बिजनेस
हिन्दी बेल्ट में भी 'RRR' ने उम्मीद से बढ़कर प्रदर्शन किया है। तरण ने अपने एक अन्य पोस्ट में बताया कि फिल्म के हिन्दी वर्जन ने भी 74.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।
खास बात यह है कि फिल्म ने पहले वीकेंड में ही अपने खाते में 74.50 करोड़ रुपये जोड़ लिए हैं।
शुक्रवार को फिल्म ने 19 करोड़ रुपये, शनिवार को 24 करोड़ रुपये और रविवार को 31.50 करोड़ रुपये का बिनजेस किया।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए हिन्दी वर्जन की कमाई का आंकड़ा
#RRR #Hindi is SENSATIONAL, biz jumps on Day 3... FIRST *HINDI* FILM TO CROSS ₹ 30 CR IN A SINGLE DAY [pandemic era]... Mass centres EXCEPTIONAL... SupeRRRb trending gives hope for a STRONG Day 4 [Mon]... Fri 19 cr, Sat 24 cr, Sun 31.50 cr. Total: ₹ 74.50 cr. #India biz. pic.twitter.com/zuYKz90RF6
— taran adarsh (@taran_adarsh) March 28, 2022
टक्कर
'द कश्मीर फाइल्स' को चुनौती पेश कर रही 'RRR'
'RRR' की टक्कर विवेक रंजन अग्निहोत्री की 'द कश्मीर फाइल्स' से हो रही है। 'द कश्मीर फाइल्स' 11 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
जब से 'RRR' की थिएटर में एंट्री हुई है, 'द कश्मीर फाइल्स' की कमाई की रफ्तार मंद पड़ गई। इसमें कोई दो राय नहीं है कि 'RRR' बड़े बजट और बड़े कलाकारों की फिल्म है।
रविवार को 'द कश्मीर फाइल्स' का कलेक्शन 8.75 करोड़ रुपये रहा। फिल्म ने अब तक 228 करोड़ रुपये कमाए हैं।
कहानी
सच्ची कहानी पर आधारित है 'RRR'
फिल्म में 1920 के दशक की कहानी को फिल्माया गया है। इसमें राम और NTR भाई की भूमिका में नजर आए हैं।
फिल्म दो महान स्वतंत्रता सेनानियों अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम की कहानी पर आधारित है। इन्होंने अंग्रेजों और हैदराबाद के निजाम से भी आजादी की लड़ाई लड़ी थी।
450 करोड़ रुपये से अधिक के बजट में इस फिल्म को बनाया गया है। पैन इंडिया लेवल पर फिल्म रिलीज की गई है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
नेटफ्लिक्स और ZEE5 ने फिल्म के स्ट्रीमिंग राइट्स हासिल किए हैं। थिएट्रिकल रिलीज के बाद फिल्म तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में ZEE5 पर रिलीज होगी। नेटफ्लिक्स पर फिल्म हिन्दी, पुर्तगाली, कोरियाई, तुर्की और स्पेनिश भाषाओं में प्रसारित होगी।