सलमान खान की फिल्म पर राज और डीके लगाएंगे बड़ा दांव, हॉलीवुड से बुलाएंगे ये धुरंधर
क्या है खबर?
सलमान खान के चाहने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। यह तो पहले ही पता चल गया था कि अभिनेता ने अपनी अगली फिल्म के लिए मशहूर निर्देशक की जोड़ी राज और डीके से हाथ मिलाया है। उनकी यह परियोजना एक सुपरहीरो पर आधारित फिल्म बताई जा रही है। नई खबर है कि फिल्म का निर्माण भव्य तारीके से होगा। निर्माता इसमें कोई कसर नहीं छोडना चाहते, इसलिए उन्होंने हॉलीवुड के वेटा FX स्टूडियो से संपर्क किया है।
तैयारी
सलमान की फिल्म के लिए निर्माताओं की खास तैयारी
मिड-डे के मुताबिक, राज और डीके द्वारा निर्देशित और मैत्री मूवी मेकर्स द्वारा निर्मित, सलमान की यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे भव्य फिल्मों में से एक बनने जा रही है। चूंकि फिल्म सुपरहीरो के विषय पर आधारित है, इसलिए विजुअल इफेक्ट्स के लिए निर्माताओं ने विश्व स्तर पर प्रशंसित VFX स्टूडियो वेटा FX से संपर्क किया है। यह स्टूडियो 'द एवेंजर्स', 'द बैटमैन' और 'मून नाइट' जैसी वैश्विक परियोजनाओं में काम करने के लिए जाना जाता है।
किरदार
रिटायर हो रहे सुपरहीरो का किरदार निभाएंगे सलमान
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, सूत्र ने कहा, "सलमान एक सुपरहीरो के रूप में नजर आएंगे जो दुनिया को बचाने का काम छोड़कर रिटायर होना चाहते हैं, क्योंकि वह बार-बार एक ही काम करके थक चुके हैं। लेकिन परिस्थितियां उन्हें चैन से जीने नहीं देतीं और बार-बार उन्हें एक्शन में वापस खींच लाती हैं।" कहानी में भरपूर कॉमेडी और सुपरहीरो वाले पहलू का मिश्रण होगा। अटकलें हैं कि फिल्म में सलमान के साथ बतौर अभिनेत्री करीना कपूर शामिल हो सकती हैं।