'हनुमान अंश' की 100 करोड़ की OTT डील की खबरें फर्जी, निर्माता बोलीं- अभी ध्यान सिर्फ सिनेमाघरों पर
फिल्म 'हनुमान अंश' की निर्माता रागिनी सोना ने 100 करोड़ रुपये की OTT डील की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें महज एक अफवाह करार दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि फिलहाल फिल्म को किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की कोई योजना नहीं है। रागिनी सोना का मानना है कि इस फिल्म का असली अनुभव बड़े पर्दे पर ही है और वो चाहती हैं कि दर्शक इसे सिनेमाघरों में ही देखें।
उन्होंने कहा, "ये सब सिर्फ अफवाहें हैं। आज के समय में सबसे ज्यादा मायने यह रखता है कि कितने लोग थिएटर पहुंचकर फिल्म देख रहे हैं।" उन्होंने ये भी जोड़ा कि स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज को लेकर फैसला सही समय आने पर सभी की सहमति से लिया जाएगा और उसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
'हनुमान अंश' ने दुनियाभर में कमाए इतने करोड़
कम बजट की फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत के बावजूद इतिहास रच दिया है और एक बड़ी 'स्लीपर हिट' साबित हुई है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 175.88 करोड़ रुपये और दुनियाभर में कुल 207.81 करोड़ रुपये का ताबड़तोड़ कमाई कर ली है।
शुरुआती दिनों के बाद दर्शकों की तारीफ के दम पर फिल्म की कमाई चौथे और पांचवें हफ्ते में और तेज हो गई। बॉक्स ऑफिस पर मिली ये अप्रत्याशित प्रतिक्रिया इस फिल्म को इस साल भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी और कामयाब ब्लॉकबस्टर कहानियों में से एक बनाती है।