Loading...
बॉलीवुड सितारों के ढोंग पर भड़कीं राधिका आप्टे, बोलीं- ज्ञान देने वाले खुद कराते हैं सर्जरी
शरीर से प्यार की बातें, फिर सर्जरी क्यों? राधिका आप्टे ने उठाए सवाल

बॉलीवुड सितारों के ढोंग पर भड़कीं राधिका आप्टे, बोलीं- ज्ञान देने वाले खुद कराते हैं सर्जरी

Nov 01, 2026
05:34 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड में 2 दशकों के करियर में अभिनेत्री राधिका आप्टे को वजन, रंग और लुक्स को लेकर काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने कभी इंडस्ट्री के दबाव के आगे घुटने नहीं टेके। वेब सीरीज 'अक्का' में नजर आ रहीं राधिका ने खुलासा किया कि वो कभी बॉटोक्स, कॉस्मेटिक सर्जरी या ओजेम्पिक का सहारा नहीं लेंगी। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में अपनी पहली ही मीटिंग में उन्हें नाक और ब्रेस्ट की सर्जरी कराने की सलाह दी गई थी।

दो टूक

सर्जरी और दवाओं से खुद को बदलने के सख्त खिलाफ हैं राधिका

'अक्का' में अपनी को-स्टार कीर्ति सुरेश के बाद राधिका ने कॉस्मेटिक सर्जरी और ओजेम्पिक के इस्तेमाल पर कहा, "प्लास्टिक सर्जरी, कॉस्मेटिक सर्जरी या ओजेम्पिक की बात तो बहुत दूर है, मैं कभी बॉटोक्स का इंजेक्शन भी नहीं लगवाऊंगी। ये कोई ऐसी चीज नहीं है, जिस पर समझौता किया जा सके। मैं यह सब कभी नहीं करूंगी। मैं इंडस्ट्री के दबाव को अच्छे से समझती हूं, लेकिन फिर भी सर्जरी या दवाओं के जरिए खुद को बदलने के सख्त खिलाफ हूं।"

आपबीती

"मेरा 3 किलो वजन बढ़ा तो फिल्म से निकाला"

राधिका बोलीं, "मैं जब इस इंडस्ट्री में आई थी, तो मेरी पहली ही मीटिंग एक महिला के साथ हुई थी, जिसने मुझे नाक और ब्रेस्ट की सर्जरी कराने को कहा था, वहीं 3-4 किलो वजन बढ़ने के कारण मुझे एक बड़े निर्देशक की फिल्म से निकाल दिया गया था। वजन घटाने के लिए मेरे पास 2 महीने थे, लेकिन उन्होंने इंतजार नहीं किया। बाद में फिल्म हिट हुई, मेरा दिल टूट गया और मैं अपने वजन को लेकर डरने लगी।"

ADVERTISEMENT

तंज

शरीर से प्यार करने का ज्ञान देने वालें खुद सर्जरी कराते हैं- राधिका

अभिनेत्री ने कहा, "ये सच है कि लोगों का काफी दबाव होता है, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े होने के नाते हमारी कुछ जिम्मेदारियां भी हैं। हमें ओजेम्पिक लेने और कॉस्मेटिक सर्जरी कराने से बचना चाहिए, क्योंकि युवा पीढ़ी हमें ही अपना आदर्श मानती है। दुख की बात है कि कई लोग शरीर को स्वीकारने की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन खुद सर्जरी और ओजेम्पिक का सहारा लेते हैं। मैं ये सब ढोंग देखकर पूरी तरह तंग आ चुकी हूं।"

ADVERTISEMENT