सिनेमाघरों में फिर 'राधे' और 'देवदास' का शोर, फरवरी में री-रिलीज हो रहीं ये ब्लॉकबस्टर फिल्में
क्या है खबर?
बॉलीवुड के गलियारों में इस साल फरवरी का महीना किसी बड़े उत्सव से कम नहीं होने वाला। जहां एक तरफ नई फिल्मों का शोर है, वहीं हिंदी सिनेमा के 2 सबसे बड़े सुपरस्टार्स सलमान खान और शाहरुख खान अपनी-अपनी कालजयी फिल्मों के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। वैलेंटाइन डे के इस रोमांटिक महीने को और भी यादगार बनाने के लिए निर्माताओं ने जबरदस्त इंतजाम किया है। एक नजर सिनेमाघरों में री-रिलीज हो रहीं फिल्मों पर।
#1
'तेरे नाम'
साल 2003 में जब सलमान खान की फिल्म तेरे नाम आई थी, तो राधे भैया (सलमान) के बीच से मांग निकालने वाले हेयरस्टाइल का जादू देशभर के युवाओं पर सिर चढ़कर बोला था। सालों बाद दर्शक उनके उसी लुक को दोबारा सिनेमाघरों में देखेंगे। फिल्म के एक बागी आशिक से लेकर मानसिक रूप से टूटे हुए शख्स तक का सफर आज भी रोंगटे खड़े कर देता है। ये फिल्म 27 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में दोबारा लगाई जा रही है।
#2
'देवदास'
भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य और यादगार फिल्मों में शुमार संजय लीला भंसाली की 'देवदास' एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित अभिनीत यह फिल्म 6 फरवरी 2026 को री-रिलीज की जाएगी। देवदास का दर्द, पारो की सादगी और चंद्रमुखी का त्याग, इन तीनों सितारों की केमिस्ट्री ने पर्दे पर एक ऐसा तिलस्म बुना था, जिसे आज 2 दशक बाद भी कोई दूसरी फिल्म नहीं छू पाई है।
#3
'ये दिल आशिकाना'
साल 2002 की म्यूजिकल ब्लॉकबस्टर 'ये दिल आशिकाना' भी इस सूची में एक सरप्राइज बनकर उभरी है। करण नाथ और जीविका की ये फिल्म अपनी एक्शन-लव स्टोरी और सुपरहिट गानों के लिए आज भी चर्चा में रहती है। 90 के दशक के प्रेमियों के लिए 'ये दिल आशिकाना' की वापसी किसी तोहफे से कम नहीं। कुकू कोहली के निर्देशन में बनी ये फिल्म अपने दौर की बड़ी हिट साबित हुई थी। फिल्म 13 फरवरी को दोबारा रिलीज हो रही है।
#4
'युवा'
मणिरत्नम की क्लासिक फिल्म 'युवा' भी इस फरवरी बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। जहां एक तरफ 'देवदास' और 'तेरे नाम' जैसी प्रेम कहानियां हैं, वहीं 20 फरवरी को 'युवा' राजनीति, जोश और युवाओं की आवाज बनकर सिनेमाघरों में गूंजेगी। अजय देवगन की सादगी, विवेक ओबेरॉय का आधुनिक अंदाज और अभिषेक का देसी स्वैग, इन 3 अलग-अलग विचारधाराओं के युवाओं का मिलन बड़े पर्दे पर देखना एक अलग ही रोमांच पैदा करता है।