प्रभास की अगली चाल, 2 दिग्गज निर्देशकों की कमान में तैयार हो रहीं 2 पैन-इंडिया फिल्में
क्या है खबर?
पैन-इंडिया सुपरस्टार प्रभास एक बार फिर बॉक्स ऑफिस को हिलाने की तैयारी में हैं। ताजा खबरों के मुताबिक, प्रभास की अगली चाल ने सिनेमा जगत में खलबली मचा दी है। सुपरस्टार ने हाल ही में साउथ के 2 सबसे चर्चित निर्देशकों राजकुमार पेरियासामी और दिंजिथ अय्याथन के साथ गुप्त बैठकें की हैं। चर्चा है कि 'KGF' और 'कांतारा' बनाने वाले होम्बले फिल्म्स के बैनर तले इन 2 पैन इंडिया फिल्मों का निर्माण किया जा रहा है।
फिल्में
होम्बले फिल्म्स के साथ 3 फिल्मों की डील
खबरों के मुताबिक, प्रभास फिल्म 'अमरण' के लिए मशहूर राजकुमार पेरियासामी और 'इको' के निर्देशक दिंजिथ अय्याथन के संपर्क में हैं। इन्हें बड़े पैमाने पर पैन-इंडिया फिल्मों के रूप में विकसित किया जा रहा है। ये फिल्में होम्बले फिल्म्स के बैनर तले बन सकती हैं, जिसके साथ प्रभास का 3 फिल्मों का बड़ा करार है। प्रभास ने होम्बले फिल्म्स के साथ एक साथ 3 फिल्में साइन की हैं। इस डील की पहली फिल्म 'सालार: पार्ट 2- शौर्यांग पर्व' है।
परिचय
कौन हैं राजकुमार पेरियासामी और दिंजिथ अय्याथन?
राजकुमार पेरियासामी ने इससे पहले 'अमरण' का निर्देशन किया था। 120 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने 330 करोड़ रुपये कमाए थे। फिलहाल वो धनुष अभिनीत फिल्म में काम कर रहे हैं, जिसमें ममूटी, श्रीलीला और साई पल्लवी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। उधर दिंजिथ अय्याथन पिछली बार फिल्म 'इको'लेकर आए थे, जिसमें 'पडक्कलम' फेम संदीप प्रदीप ने अभिनय किया है। 5 करोड़ रुपये के बजट में बनी इन फिल्म ने 50 करोड़ रुपये कमाए थे।
फिल्म
इस फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं प्रभास
प्रभास फिलहाल 'फौजी' की शूटिंग में व्यस्त हैं, जो निर्देशक हनु राघवपुड़ी द्वारा निर्देशित एक पीरियड एक्शन ड्रामा है। यह फिल्म दशहरा 2026 में रिलीज होने वाली है। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर और जया प्रदा जैसे दिग्गज कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इससे पहले प्रभास हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'द राजा साब' में नजर आए थे, जिसका निर्देशन मारुति ने किया था। हालांकि, उनकी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हश्र हुआ थ।