फारूक शेख की जगह माधवन करेंगे 'दिल की बातें', 24 साल बाद फिर वही पुरानी यादें
क्या है खबर?
टीवी का मशहूर टॉक शो 'जीना इसी का नाम है' एक बार फिर दर्शकों के बीच वापसी करने जा रहा है। दिवंगत अभिनेता फारूक शेख के इस कालजयी शो के OTT रीबूट को अब अभिनेता आर माधवन होस्ट करेंगे। ZEE5 पर आने वाले इस नए सीजन में माधवन भारतीय सिनेमा, संगीत और कला जगत की जानी-मानी हस्तियों की निजी जिंदगी से जुड़े अनसुने किस्सों से पर्दा उठाएंगे, जो उनके प्रशंसकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होने वाला।
शो
साल 2002 का सबसे चर्चित शो अब OTT पर मचाएगा धमाल
साल 2002 का बेहद लोकप्रिय टेलीविजन शो 'जीना इसी का नाम है' एक बार फिर वापसी के लिए तैयार है, लेकिन इस बार ये OTT प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगा।
फारूक शेख के इस प्रतिष्ठित शो की कमान अब अभिनेता आर माधवन संभालते नजर आएंगे। ये सेलिब्रिटी टॉक शो मशहूर हस्तियों के निजी सफर, उनके भावुक पुनर्मिलन और आम प्रमोशनल इंटरव्यू से हटकर दिल को छू लेने वाली बातचीत के लिए जाना जाता था।
घोषणा
ZEE5 ने किया ऐलान
शो का ऐलान करते हुए स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'कुछ अनसुने सच, कुछ दिल की बातें, सब कुछ अनफिल्टर्ड... 'जीना इसी का नाम है 2.0', जल्द आ रहा है सिर्फ ZEE5 पर।'
माधवन ने कहा कि फारूख शेख की इस भूमिका को संभालना उनके लिए एक सम्मान और एक बड़ी जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कहा कि शेख की आत्मीयता, सहानुभूति और मेहमानों से जुड़ने की क्षमता ने इस कार्यक्रम को लंबे समय तक सबका पसंदीदा बनाए रखा।
बयान
"फारूक शेख की जगह लेना सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी"
माधवन बोले, "मैंने हमेशा फारूख सर और उस सहज सादगी की सराहना की है, जिसके साथ वो शो होस्ट करते थे। लाखों दिलों को छूने वाली इस विरासत को आगे बढ़ाना मेरे लिए सम्मान की बात है। उम्मीद है कि मैं अपनी शख्सियत को इसमें लाते हुए शो की मूल भावना और गरिमा को बनाए रख सकूं।"
आम सेलिब्रिटी साक्षात्मकारों से अलग, 'जीना इसी का नाम है' का फॉर्मेट मशहूर हस्तियों की निजी जिंदगी और अनकही कहानियों पर आधारित था।
OTT वर्जन
OTT पर वही पुराना जादू और भावुक सरप्राइज लाएंगे माधवन
शो के एपिसोड्स में अक्सर परिवार के सदस्य, दोस्त और गुरु मेहमानों को उनके जीवन की पुरानी यादों से सरप्राइज देते थे। इसमें पुनर्मिलन और अनसुने किस्सों का संगम देखने को मिलता था।
अब इसका OTT वर्जन भी इसी फॉर्मेट को नए दौर के दर्शकों के हिसाब से पेश करेगा। माधवन का मानना है कि ये फॉर्मेट आज भी प्रासंगिक है, क्योंकि दर्शक रटे-रटाए प्रमोशनल इंटरव्यूज के बजाय मशहूर हस्तियों की सच्ची और अनसुनी कहानियों को ज्यादा पसंद करते हैं।
आगामी फिल्म
इस फिल्म में नजर आएंगे माधवन
जून 2026 में माधवन को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
फिल्मों की बात करें तो अभिनेता जल्द ही तमिल बायोपिक ड्रामा 'GDN' में नजर आएंगे, जो महान आविष्कारक जीडी नायडू के जीवन पर आधारित है।
ये फिल्म 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इसे एक साथ तमिल, हिंदी, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ कुल 5 भाषाओं में पैन-इंडिया स्तर पर लाया जा रहा है।