LOADING...
पंजाबी गायिका इंदर कौर की मौत, परिवार ने अपहरण के बाद हत्या का लगाया आरोप
पंजाबी गायिका इंदर कौर का मिला शव

पंजाबी गायिका इंदर कौर की मौत, परिवार ने अपहरण के बाद हत्या का लगाया आरोप

May 19, 2026
04:17 pm

क्या है खबर?

पंजाब के लुधियाना शहर से एक चौंकाने वाली खबर आई है। पूर्व गायिका इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर का शव मिलने से पंजाबी मनोरंजन जगत में हड़कंप मच गया है। PTC पंजाब की एक रिपोर्ट के अनुसार, 29 वर्षीय गायिका 13 मई से लापता बताई जा रही थीं। पुलिस को उनका शव 19 मई को एक नहर के पास से बरामद हुआ है। परिवार का आरोप है कि इंदर का जबरन अपहरण करने के बाद उनकी हत्या की गई है।

शिकायत

इंदर कौर के भाई ने पुलिस में दर्ज कराई थी शिकायत

गायिका के भाई जोतिंदर सिंह ने 15 मई को मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ ​​सुखा और उनके सहयोगी करमजीत सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, इंदर 13 मई की शाम किराने का सामान लेने के लिए अपनी फोर्ड फिगो कार में घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी जांच-पड़ताल करने के बाद जब गायिका का पता नहीं चला, तो परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस मामले में जुटी गई।

आरोप

परिवार ने शादी करने का लगाया आरोप

जांच के दौरान, परिवार को कथित तौर पर पता चला कि गायिका पहले से सुखविंदर को जानती थीं। जोतिंदर ने दावा किया कि आरोपी उसकी बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन उसने प्रस्ताव ठुकरा दिया था। गायिका के परिवार ने आरोपियों पर बंदूक की नोक पर अपहरण करने, मना करने पर दुश्मनी के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि मुख्य आरोपी घटना के बाद कनाडा भाग गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement