LOADING...
तुनिषा शर्मा की आत्महत्या वाले सेट पर नहीं लगी आग, प्रोड्यूसर ने किया खबरों का खंडन
'अलीबाबा' के सेट पर नहीं लगी आग

तुनिषा शर्मा की आत्महत्या वाले सेट पर नहीं लगी आग, प्रोड्यूसर ने किया खबरों का खंडन

May 14, 2023
07:16 pm

क्या है खबर?

मुंबई के पालघर स्थित एक स्टूडियो में शनिवार को भीषण आग के चलते टीवी शो 'अलीबाबा: दास्तान-ए-काबुल' का सेट पूरी तरह से खाक होने की खबरें आई थी। करीब 5 महीने पहले शो की मुख्य अभिनेत्री तुनिषा शर्मा ने इसी सेट पर आत्महत्या की थी। ऐसे में लोगों को इस दुर्घटना में साजिश की गंध भी आ रही थी। अब शो के निर्माता ने इन खबरों का खंडन किया है।

खंडन

खाली पड़े फ्लोर पर लगी थी आग

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 'दास्तान-ए-काबुल' के निर्माता अलिंद श्रीवास्तव और निस्सार परवेज ने सेट पर आग लगने की खबरों का खंडन किया और बताया कि उनका सेट पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि स्टूडियो में 11 फ्लोर हैं और आग एक खाली पड़े फ्लोर में लगी थी। उनके सेट को इससे किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

बयान

शुक्रवार आधी रात के बाद लगी थी आग

श्रीवास्तव ने बताया, "हम इमारत के सिर्फ एक फ्लोर पर शूट करते हैं। आग एक अन्य फ्लोर पर लगी थी। ईश्वर की कृपा से जिस वक्त आग लगी, हम बाहर शूट कर रहे थे।" एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग मुंबई के वसई के एक स्टूडियो में लगी थी। घटना शुक्रवार आधी रात के बाद हुई थी। शनिवार सुबह 4 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया था।

Advertisement

ऑफ एयर

जल्द ऑफ एयर होगा शो 

कुछ दिन पहले खबर आई थी कि यह शो बंद होने वाला है। अब प्रोड्यूसर ने इस खबर की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि शो जून में बंद होगा। इस महीने के आखिर तक वे शूटिंग खत्म कर लेंगे। मुख्य अभिनेत्री तुनिषा की मौत के बाद निर्माताओं ने नई कलाकार के साथ शो को जारी रखा था। अभिनेत्री मणुल चुडसामा ने 'मरियम' के रूप में शो में कदम रखा था।

Advertisement

आत्महत्या

सेट पर तुनिषा शर्मा ने की थी आत्महत्या

पिछले साल 24 दिसंबर को तुनिषा शर्मा ने शो के सेट पर आत्महत्या कर ली थी। घटना के कुछ दिन पहले ही तुनिषा और मुख्य अभिनेता शीजान खान का ब्रेकअप हुआ था। तुनिषा की मां की शिकायत पर शीजान को गिरफ्तार किया गया था। उन पर कई संगीन आरोप लगे थे। हाल ही में शीजान जमानत पर रिहा हुए हैं। वह रोहित शेट्टी के शो 'खतरों के खिलाड़ी' में नजर आने वाले हैं।

Advertisement