Page Loader
'सिटाडेल' ट्रेलर: प्रियंका चोपड़ा ने एक्शन और ग्लैमर से फूंकी सीरीज में जान, फिदा हुए फैंस 
प्रियंका चोपड़ा की सीरीज 'सिटाडेल' का ट्रेलर रिलीज, दिखा अभिनेत्री का धांसू अवतार (तस्वीर- ट्विटर/@priyankachopra)

'सिटाडेल' ट्रेलर: प्रियंका चोपड़ा ने एक्शन और ग्लैमर से फूंकी सीरीज में जान, फिदा हुए फैंस 

Mar 07, 2023
08:18 am

क्या है खबर?

प्रियंका चोपड़ा उन अभिनेत्रियों में शुमार हैं, जो न सिर्फ बॉलीवुड, बल्कि दुनियारभर में अपनी सफलता का परचम लहरा चुकी हैं। लंबे समय से प्रियंका के प्रशंसकों को उनकी सीरीज 'सिटाडेल' के ट्रेलर का इंतजार था, जो अब आखिरकार खत्म हो गया है। इसमें प्रियंका ने अपने धांसू अवतार से एक बार फिर प्रशंसकों को अपना दीवाना बना दिया है। आइए जानते हैं प्रियंका को सोशल मीडिया पर प्रशंसकों से कैसी प्रतिक्रिया मिल रही है।

ट्रेलर

प्रियंका बनी हैं तेज-तर्रार जासूस 

प्रियंका के साथ अभिनेता रिचर्ड मैडेन सीरीज में लीड रोल में हैं। इसकी कहानी उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती है। ट्रेलर से पता चलता है कि इसमें एक वैश्विक स्पाई एजेंसी की कहानी दिखाई जाएगी, जो तबाह हो चुकी है। हालांकि, इसमें काम करने वाले दो सबसे तेज तर्रार एजेंट मेसन केन (रिचर्ड) और नादिया सिंह (प्रियंका) किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन वे दोनों अपने अतीत को भूल एक नई पहचान के साथ जिंदगी जी रहे हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस 

जासूस बनीं प्रियंका को पिस्तौल के साथ खेलते देख अच्छा लगता है, वहीं उनका ग्लैमरस अवतार भी कहानी में चार चांद लगाता है। सीरीज में प्रियंका का दमदार किरदार देख साफ हो गया है कि हॉलीवुड में उनका धैर्य और मेहनत रंग ला रही है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए ट्रेलर

तारीफ

प्रियंका पर जमकर प्यार लुटा रहे प्रशंसक 

प्रशंसक प्रियंका की दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं। एक फैन ने ट्विटर पर लिखा, 'सब पर भारी देसी गर्ल हमारी।' एक ने लिखा, 'प्राइम वीडियो का सब्सक्रिप्शन फिर लेने का इससे अच्छा बहाना नहीं हो सकता।' कइयों ने प्रियंका के कातिलाना अंदाज की भी तारीफ की है, वहीं कुछ उनके भारतीय होने पर गर्व जता रहे हैं। एक ने लिखा, 'इसे कहते हैं असली टैलेंट', वहीं एक ने प्रियंका की परफॉर्मेंस देख उन्हें एमी अवॉर्ड का दावेदार बता डाला।

दस्तक 

28 अप्रैल को दुनियाभर में कई भाषाओं में आएगी 'सिटाडेल' 

'सिटाडेल' में रिचर्ड और प्रियंका के अलावा स्टेनली टुकी, लेस्ली मैनविल, ओसी इखिले, एशले कमिंग्स, रोलैंड मोलर और डेविक सिल्जे, काओलिन स्प्रिंगल हेंड्रिक्स ने अहम भूमिका निभाई है। सीरीज का निर्देशन 'एवेंजर्स इंफिनिटी वॉर' और 'एवेंजर्स एंडगेम' बना चुके रूसो ब्रदर्स ने किया है। 'सिटाडेल' 28 अप्रैल को दुनियाभर में 240 से अधिक देशों में रिलीज की जाएगी और बड़े पैमाने पर दर्शक इसे देख सकेंगे। इसका प्रीमियर अंग्रेजी समेत हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा में भी होगा।

आगामी फिल्में 

इन दो हॉलीवुड फिल्मों में भी नजर आएंगी प्रियंका 

प्रियंका अपनी अगली हॉलीवुड फिल्म 'लव अगेन' को लेकर भी चर्चा में हैं, जिसका ट्रेलर पिछले महीने रिलीज हुआ था। यह इस साल 12 मई को भारतीय सिनेमाघरों में भी दस्तक देगी। इस फिल्म प्रियंका के साथ अभिनेता सैम ह्यूगन, कनाडाई गायिका सेलिन डियोन और प्रियंका के पति निक जोनस भी हैं। इसके अलावा प्रियंका हॉलीवुड एक्शन फिल्म 'एंडिंग थिंग्स' का भी हिस्सा हैं। खास बात है कि इसमें वह 'मार्वल' सीरीज फेम स्टार एंथोनी मैकी के साथ नजर आएंगी।