शॉर्ट फिल्म 'वी वर हियर' का 80 से ज्यादा फिल्म फेस्टिवल्स में बजा डंका, अब प्रियंका चोपड़ा ने संभाली कमान
प्रियंका चोपड़ा भारतीय शॉर्ट फिल्म ‘वी वर हियर’ से बतौर एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर जुड़ी हैं। प्रणव भसीन के निर्देशन में बनी ये कॉमेडी मॉक्यूमेंट्री 3 रिटायर हो चुके लोगों की कहानी है, जो मशीनों के हाथों नौकरियां जाने के डर से घरेलू उपकरणों का रूप धरकर विरोध करते हैं। फिल्म को 29 अक्टूबर को 'द न्यू यॉर्कर' के आधिकारिक चैनल पर रिलीज किया गया है।
बता दें कि मॉक्यूमेंट्री ऐसी फिल्म होती है, जो डॉक्यूमेंट्री की तरह बनाई जाती है, लेकिन उसकी कहानी और घटनाएं काल्पनिक होती हैं। इसमें असली लोगों या घटनाओं की तरह दिखाकर हास्य या व्यंग्य पैदा किया जाता है।
'वी वर हियर' बनी ऑस्कर की दावेदार
'वी वर हियर' को अब तक 80 से ज्यादा फिल्म समारोहों में दिखाया जा चुका है और ये 20 से अधिक पुरस्कार जीत चुकी है। इनमें क्लेरमोंट-फेरांड, एसएक्सएसडब्ल्यू और पाम स्प्रिंग्स जैसे बड़े फिल्म फेस्टिवल के पुरस्कार भी शामिल हैं। फिल्म की इस सफलता के बाद इसे ऑस्कर का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। प्रियंका चोपड़ा के अलावा 'फ्लीबैग' के अभिनेता एंड्रयू स्कॉट और टोनी अवॉर्ड विजेता लेखिका व सामाजिक कार्यकर्ता वी भी इससे जुड़ गए हैं। टीम को उम्मीद है कि AI और नौकरी की सुरक्षा पर बनी ये कहानी ज्यादा दर्शकों तक पहुंचेगी।