'गोलमाल 5' से जुड़ा इस अभिनेत्री का नाम, खलनायिका बनकर मचाएगी धमाल
क्या है खबर?
रोहित शेट्टी एक बार फिर 'गोलमाल' फ्रैंचाइजी की दुनिया में कदम रख चुके हैं। इस सुपरहिट फिल्म की 5वीं किस्त के साथ अजय देवगन और उनकी पूरी पलटन लौटने के लिए तैयार है। काफी समय से चर्चा थी कि इस बार निर्माता फिल्म में महिला अभिनेत्री को शामिल नहीं करेंगे और यह पूरी तरह से पुरुष प्रधान फिल्म होगी। अब फिल्म पर आई हालिया जानकारी पिछले दावे से पूरी तरह उलट है, क्योंकि एक अभिनेत्री इसमें शामिल हो गई हैं।
किरदार
'गोलमाल 5' में नकारात्मक भूमिका निभाएंगी प्रियामणि
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, 'गोलमाल 5' से अभिनेत्री प्रियामणि का नाम जुड़ चुका है। 'फैमिली मैन' और 'आर्टिकल 370' जैसी फिल्मों व सीरीज से चर्चा बटोरने वालीं अभिनेत्री फिल्म में एक नकारात्मक किरदार निभाती हुई दिखाई देंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि रोहित दर्शकों का मनोरंजन बढ़ाने के लिए अपनी फिल्म में अभिनेत्री का नकारात्मक किरदार किस तरह से दर्शाते हैं। फिलहाल तो प्रियामणि के जुड़ने की खबरों ने ही फैंस को उत्साहित कर दिया है।
फिल्म
अगले साल सिनेमाघरों का रुख करेगी 'गोलमाल 5'
'गोलमाल 5' में अजय के अलावा, अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और शरमन जोशी भी अपने-अपने किरदारों में वापसी करते हुए दिखाई देंगे। दिलचस्प बात यह है कि अक्षय कुमार भी फिल्म का आधिकारिक हिस्सा बन चुके हैं। कुछ महीने पहले निर्माताओं ने एक पोस्टर जारी करते हुए फिल्म की पूरी स्टारकास्ट से रूबरू करवाया था। खबरों के मुताबिक, फिल्म को 2027 की शुरुआत में रिलीज करने की योजना बनाई जा रही हैं।