प्रियदर्शन बॉलीवुड पर बरसे, बोले- 3 एक्टर और 30 फालतू लोग; ऐसा तमाशा कहीं नहीं देखा
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा के मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन अपनी बेहतरीन कॉमेडी और संजीदा फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने बॉलीवुड में सितारों के साथ रहने वाले सहायकों की फौज खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एक हालिया साक्षात्कार में प्रियदर्शन ने कहा कि वो फिल्म स्टार्स के साथ चलने वाले सहायकों, मेकअप आर्टिस्टों और बॉडीगार्ड्स की भारी-भरकम फौज से पूरी तरह थक चुके हैं और उन्हें इस संस्कृति से नफरत है। क्या कुछ बोले प्रियदर्शन, आइए जानते हैं।
दो टूक
"सितारों के आसपास की भीड़ से थक गया हूं"
हॉलीवुड रिपोर्टर से बातचीत में प्रियदर्शन बोले, "मैं अब सितारों के आसपास रहने वाले लोगों की भीड़ को देखकर थक जाता हूं। अगर मैं सेट पर तीन अभिनेताओं के साथ काम कर रहा हूं तो वहां उनके साथ कम से कम तीस ऐसे लोग खड़े होते हैं, जिनका कोई काम नहीं होता। वे बस वहां खड़े रहते हैं और कैमरे के सामने मेरी विजुअल्स को ब्लॉक करते हैं। मुझे समझ नहीं आता कि वे वहां क्यों हैं?"
नाराजगी
निर्देशक ने सेट पर फिजूल के तामझाम और बढ़ते दिखावे पर जताई नाराजगी
प्रियदर्शन ने कहा कि मनोरंजन जगत के अन्य हिस्से में उन्होंने ऐसा फिजूल का तामझाम नहीं देखा, जैसा बॉलीवुड में आम हो गया है। उनके मुताबिक, ये भीड़ निर्देशक के काम में बाधा डालती है और फिल्म निर्माण को बोझिल बना देती है। उन्होंने इस बढ़ते दिखावे को 'परेशान करने वाला चलन' बताया और बॉलीवुड की इस कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सेट पर बिना वजह जुटने वाली ये भीड़ उनके धैर्य की परीक्षा ले रही है।
भड़ास
3 कलाकारों के साथ 30 लोग कैमरा रोकते हैं- प्रियदर्शन
प्रियदर्शन बोले, "आलम ये है कि अगर मैं सेट पर 3 कलाकारों के साथ काम कर रहा हूं तो वहां तीस ऐसे फालतू लोग मौजूद होते हैं, जिनका कोई काम नहीं है और वे बस वहां खड़े रहते हैं। वे कैमरे के सामने आकर मेरे विजुअल्स को ब्लॉक कर देते हैं, जिससे मुझे फ्रेम देखने में भी दिक्कत होती है। मैंने बॉलीवुड के अलावा दुनिया की किसी और फिल्म इंडस्ट्री में ऐसा तमाशा कभी नहीं देखा।"
वापसी
अक्षय कुमार के साथ धमाकेदार वापसी के लिए तैयार
निर्देशक ने बातचीत में आगे कहा, "इतने सारे लोग सेट पर आ जाते हैं, वे कुछ भी नहीं करते लेकिन फिर भी पैसे कमाते हैं। ये चीज मुझे पूरी तरह थका रही है। मुझे इससे नफरत है। बॉलीवुड में अगर मुझे किसी चीज से सबसे ज्यादा चिढ़ है तो वो यही है।" हिंदी फिल्मों से एक लंबे ब्रेक के बाद प्रियदर्शन धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। वाे अक्षय कुमार के साथ 'भूत बंगला' और 'हैवान' लेकर आ रहे हैं।