इंतजार खत्म! अक्षय-सैफ की वापसी, प्रियदर्शन की 'हैवान' में मोहनलाल का भी धमाकेदार कैमियो!
निर्देशक प्रियदर्शन अपनी नई फिल्म 'हैवान' में अक्षय कुमार और सैफ अली खान को एक साथ लेकर आ रहे हैं। यह एक थ्रिलर फिल्म होगी जो 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इंस्टाग्राम पर फिल्म का ऐलान करते हुए लिखा गया था - 'एक जुनून। एक अथक पीछा। एक तारीख जिसे आप याद रखना चाहेंगे', जिसने अभी से फैंस में जबरदस्त हलचल मचा दी है।
'हैवान' 'ओप्पम' का हिंदी रीमेक है
'हैवान' मलयालम की सफल फिल्म 'ओप्पम' का हिंदी रीमेक है। इस बार फिल्म में सैफ अली खान एक ऐसे नेत्रहीन व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं, जो एक बच्चे को खतरे से बचाने की कोशिश में उलझ जाता है। वहीं, अक्षय कुमार भी इसमें एक अहम किरदार निभाते दिखेंगे। फिल्म की बाकी कास्ट में श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर शामिल हैं। सबसे खास बात यह है कि मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल भी इस फिल्म में खास भूमिका में नजर आएंगे। निर्देशक प्रियदर्शन ने बताया कि मोहनलाल के साथ दोबारा काम करना उनके लिए कितना खास अनुभव रहा। उन्होंने सैफ के साथ काम करने को भी काफी महत्वपूर्ण बताया, खासकर इसलिए क्योंकि सैफ के परिवार का क्रिकेट से गहरा नाता रहा है।