LOADING...
'हेरा फेरी 3' आखिर किस झमेले में फंसी? निर्देशक प्रियदर्शन बोले- इस साल तो भूल जाइए
'हेरा फेरी 3' में क्यों हो रही देरी?

'हेरा फेरी 3' आखिर किस झमेले में फंसी? निर्देशक प्रियदर्शन बोले- इस साल तो भूल जाइए

Feb 26, 2026
07:19 pm

क्या है खबर?

राजू, श्याम और बाबूराव की वापसी का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक बुरी खबर है। अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी की तिकड़ी वाली 'हेरा फेरी 3' फिलहाल अधर में लटक गई है। निर्देशक प्रियदर्शन ने पुष्टि की है कि कानूनी विवादों के चलते इस फिल्म का काम इस साल शुरू नहीं हो पाएगा। अधिकारों को लेकर शुरू हुई अदालती लड़ाई के बाद फिल्म की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है।

कारण

कानूनी विवाद में उलझी फिल्म

ईटाइम्स से प्रियदर्शन ने कहा, "फिल्म और म्यूजिक राइट्स को लेकर कई पक्षों के दावे स्थिति को उलझा रहे हैं। निर्माता जीपी विजयकुमार (सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल) का कहना है कि असली अधिकार उनके पास हैं, ना कि फिरोज नाडियाडवाला के। नाडियाडवाला के पास केवल पहली फिल्म बनाने का अधिकार था, लेकिन उन्होंने फ्रेंचाइजी राइट्स अक्षय की कंपनी को ट्रांसफर कर अनुबंध का उल्लंघन किया। इन कानूनी उलझनों के चलते शूटिंग रुकी है और इस साल शुरू होने की उम्मीद नहीं।"

शूटिंग

क्या इस साल शुरू होगी फिल्म की शूटिंग?

एक तरफ संगीत के अधिकार तो दूसरी तरफ फिल्म की फ्रेंचाइजी के मालिकाना हक को लेकर मद्रास हाई कोर्ट में केस चल रहा है। जब प्रियदर्शन से पूछा गया कि क्या इस साल 'हेरा फेरी 3' की शूटिंग शुरू होगी तो उन्होंने दो टूक कहा, "इस साल तो निश्चित रूप से नहीं होगी।" कुल मिलाकर कानूनी पेचीदगियों और कोर्ट के आदेश के बिना फिल्म का काम आगे नहीं बढ़ पाएगा, जिससे फैंस को अभी और लंबा इंतजार करना होगा।

Advertisement

बयान

सिनेमा और राजनीति में कोई दुश्मन स्थायी नहीं- प्रियदर्शन

फिल्म को लेकर एक समय अनिश्चितता तब बढ़ गई थी, जब परेश रावल के 'हेरा फेरी 3' से हटने की खबरें आईं। हालांकि, बाद में उन्होंने निर्माताओं के साथ अपने मतभेद सुलझा लिए। इस पर प्रियदर्शन ने कहा कि उनके और परेश के बीच कोई कड़वाहट नहीं है। निर्देशक बोले, "मैंने लोगों को लड़ते और फिर साथ काम करते देखा है। मेरा मानना है कि राजनीति और सिनेमा में कोई भी दुश्मन स्थाई नहीं होता।"

Advertisement

अन्य फिल्म

'हेरा फेरी 3' अटकी, प्रियदर्शन का ध्यान अब हॉरर-कॉमेडी पर

साल 2000 में 'हेरा फेरी' ने कॉमेडी का नया पैमाना सेट किया था, जिसके बाद 2006 में 'फिर हेरा फेरी' आई। अब सालों से फैंस राजू, श्याम और बाबूराव की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, प्रियदर्शन के ताजा बयान ने साफ हो गया है कि फैंस को अभी और इंतजार करना होगा। जहां 'हेरा फेरी 3' अटकी हुई है, वहीं प्रियदर्शन अपनी हॉरर-कॉमेडी 'भूत बंगला' पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जो अप्रैल में रिलीज हो रही है।

Advertisement