'दायरा' के सेट पर मेघना गुलजार संग नोकझोंक, पृथ्वीराज सुकुमारन बोले- जीत हमेशा उनकी ही होती थी
अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन ने अपनी आगामी फिल्म 'दायरा' को लेकर एक दिलचस्प अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान निर्देशक मेघना गुलजार के साथ उनकी कई रचनात्मक बहसें हुईं। पृथ्वीराज ने मजाक में कहा कि इन बहसों में जीत हमेशा मेघना की ही होती थी।
हालांकि, इन हल्की-फुल्की नोकझोंक के बावजूद पृथ्वीराज ने मेघना गुलजार की काम करने की शैली और स्पष्टता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मेघना अपने काम को लेकर 'बेहद सटीक' हैं और उनके पास हर सवाल या 'क्यों' का बिल्कुल सही जवाब होता था।
'दायरा' कब हो रही रिलीज?
फिल्म 'दायरा' में पृथ्वीराज सुकुमारन एक पुलिस अधिकारी 'DCP रमन कुमार' की भूमिका निभा रहे हैं। इस किरदार को लेकर उन्होंने बताया कि ये काफी गहरा, बहुस्तरीय और थोड़ा विरोधाभासी है।
उन्होंने मुस्कुराते हुए माना कि शूटिंग के दौरान उन्हें साउथ सिनेमा के सिग्नेचर स्टाइल जैसे ग्रैंड स्लो-मोशन एंट्री शॉट्स की कमी जरूर खली। हालांकि, उन्होंने पूरी तरह से मेघना के विजन पर भरोसा किया और उनके फैसलों का सम्मान किया। सस्पेंस और ड्रामा से भरपूर ये फिल्म 18 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।