
पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव पर सीरीज बनाएंगे प्रकाश झा
क्या है खबर?
मशहूर फिल्ममेकर प्रकाश झा ने अपनी अलग शैली की फिल्मों से दर्शकों को प्रभावित किया है। उनकी 'आश्रम' सीरीज को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
पहले और दूसरे सीजन के बाद इसके तीसरे सीजन की तैयारी चल रही है। अब उनके खाते में एक और वेब सीरीज जुड़ गई है, जो पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव पर आधारित है।
उन्होंने सोमवार को इस संबंध में घोषणा की है।
शीर्षक
सीरीज का शीर्षक रखा गया 'हाफ लायन'
समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, दिवंगत नेता नरसिम्हा राव पर आधारित इस सीरीज का शीर्षक 'हाफ लायन' रखा गया है।
यह बायोग्राफिकल ड्रामा सीरीज विनय सीतापति द्वारा लिखित इसी नाम की एक किताब पर आधारित है। कई भाषाओं में सीरीज का निर्माण होगा, जिसके निर्देशन की कमान खुद प्रकाश संभालेंगे। सीरीज में प्रकाश का फिर नया दृष्टिकोण देखने को मिलेगा।
अहा स्टूडियो और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने इस सीरीज को बनाने के लिए हाथ मिलाया है।
रिलीज
हिन्दी, तेलुगु और तमिल में 2023 में आएगी सीरीज
इस सीरीज को हिन्दी, तेलुगु और तमिल में 2023 में रिलीज किया जाएगा। प्रकाश का मानना है कि आज की पीढ़ी में बहुत कम लोग नरसिम्हा राव को जानते हैं, जिन्होंने भारत को बदल दिया था।
प्रकाश ने कहा, "उन्होंने भारत को वह आर्थिक आजादी दी, जिसके लिए हमने करीब 45 सालों तक संघर्ष किया। उन्होंने हमारे देश में हमारी राजनीति, अर्थव्यवस्था, समाज और रोजमर्रा की जिंदगी में बदलाव लाए, जो अब पूरी तरह से अपरिवर्तनीय है।"
बयान
नरसिम्हा राव को उनका हक नहीं दिया गया- प्रकाश
प्रकाश ने कहा कि हम आज जो कुछ भी हैं, उनमें नरसिम्हा राव का योगदान निहित है। उनका मानना है कि नरसिम्हा राव ने कभी अपने द्वारा किए गए आर्थिक सुधारों का श्रेय नहीं लिया।
प्रकाश की मानें तो उन्होंने इसका श्रेय पूर्व वित्त मंत्री डॉ मनमोहन सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, राजीव गांधी और कांग्रेस पार्टी को दिया।
उन्होंने कहा कि नरसिम्हा राव को उनका हक नहीं दिया गया। सीरीज में उनके कार्यों को फिल्माया जाएगा।
जानकारी
अल्लू अरविंद इस सीरीज को करेंगे प्रोड्यूस
अल्लू अरविंद इस सीरीज को प्रोड्यूस करेंगे। अल्लू इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित हैं। फिलहाल इस सीरीज के कलाकारों की घोषणा नहीं की गई है। मेकर्स कास्ट की तलाश शुरू कर चुके हैं।
परिचय
मनमोहन सिंह के राजनीतिक गुरु थे नरसिम्हा राव
राजीव गांधी की हत्या के बाद प्रधानमंत्री बने नरसिम्हा राव 21 जून, 1991 से लेकर 16 मई, 1996 तक इस पद पर रहे।
उन्हें देश में लाइसेंस राज की समाप्ति और आधुनिक आर्थिक सुधारों के लिए याद किया जाता है। उन्होंने अपने सरकार में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन को वित्त मंत्री बनाया था।
मनमोहन उन्हें अपना राजनीतिक गुरु मानते हैं। अविभाजित आंध्र प्रदेश में जन्मे नरसिम्हा राव राज्य के मुख्यमंत्री पद पर भी रहे थे।
करियर
इन फिल्मों को लेकर चर्चा में रहे प्रकाश
प्रकाश अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि की फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। अजय देवगन अभिनीत 'गंगाजल' का निर्देशन उन्होंने ही किया था। इस फिल्म को दर्शकों की खूब वाहवाही मिली थी।
इसके बाद उनकी फिल्म 'अपहरण' को भी अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। उनकी फिल्म 'राजनीति' ने दर्शकों का ध्यान खींचा था। इस फिल्म में शिक्षा-व्यवस्था पर प्रकाश डाला गया था। इसमें अमिताभ बच्चन लीड रोल में थे।
वह अभी 'आश्रम 3' के प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं।