'सालार 2' के साथ तहलका मचाने लौटेंगे प्रभास, निर्माताओं ने फिल्म पर दी ये जानकारी
क्या है खबर?
प्रभास की पिछली फिल्म 'द राजा साब' जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। हालांकि अपनी अगली फिल्म 'सालार 2' से वह वापस तबाही लाने के लिए पूरी तरह तैयारी में जुटने वाले हैं। साल 2023 में रिलीज फिल्म 'सालार' बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई थी। अब इसकी दूसरी किस्त 'सलार: पार्ट 2- शौर्यंगा पर्वम' चर्चा में है। हाल ही में, एक निर्माता विजय किरागंदूर ने दूसरी कड़ी को लेकर एक अहम जानकारी साझा की है।
सीक्वल
प्रभास जल्द शुरू करेंगे सीक्वल की शूटिंग
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, निर्माता किरागंदूर ने बताया कि लोग उत्साहित होकर लगातार टीम से पूछ रहे हैं कि वह सीक्वल पर काम कब शुरू करेंगे। हालांकि लोगों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मूल फिल्म को बनाने वाली टीम जल्द सीक्वल पर काम शुरू करने वाली है। उन्होंने आगे कहा कि यह फिल्म एक भव्य सिनेमाई तमाशा थी। साथ ही संकेत दिया कि 'सालार 2' पहली के मुकाबले ज्यादा बड़ी और महत्वपूर्ण फिल्म होगी।
फिल्म
प्रशांत नील फिर संभालेंगे निर्देशक की जिम्मेदारी
'सालार' का निर्देशन प्रशांत नील ने किया था जो 'ड्रैगन' और 'KGF' फ्रैंचाइजी के लिए जाने जाते हैं। प्रभास के साथ 'सलार: पार्ट 2- शौर्यंगा पर्वम' को बनाने की जिम्मेदारी भी उन्हीं ने उठाई है जिसके बारे में ज्यादा से ज्यादा जानने के लिए फैंस भी उत्साहित रहते हैं। पहली कड़ी की बात करें, तो 'सालार: पार्ट 1- सीजफायर' 2023 में रिलीज हुई थी जिसमें प्रभास के अलावा, पृथ्वीराज सुकुमारन और श्रुति हासन मुख्य किरदार में थे।