Page Loader
प्रभास की फिल्म 'कल्कि 2898 AD' ने कमाई में अब तक बनाए ये रिकॉर्ड
फिल्म 'कल्कि 2898 AD' ने अब तक बनाए ये रिकॉर्ड (तस्वीर: एक्स/@Kalki2898AD)

प्रभास की फिल्म 'कल्कि 2898 AD' ने कमाई में अब तक बनाए ये रिकॉर्ड

Jul 08, 2024
07:15 pm

क्या है खबर?

सिनेमाघरों में इन दिनों कई फिल्में प्रदर्शित हो रही हैं। प्रभास, दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन की फिल्म 'कल्कि 2898 AD' इस समय दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। भारत में इसने 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, वहीं दुनियाभर में यह फिल्म 900 करोड़ रुपये की दहलीज छू चुकी है। 'कल्कि 2898 AD' ने अब तक कई उपलब्धियां हासिल की हैं। आइए जानते हैं।

रिकॉर्ड

इस साल पहले सप्ताह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 

'कल्कि 2898 AD' 2024 की हिंदी फिल्मों में पहले सप्ताह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। फिल्म ने एक सप्ताह में हिंदी में 162.8 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसने 'फाइटर' (146.5 करोड़) के पहले हफ्ते के कारोबार को पीछे छोड़ दिया है। 'कल्कि 2898 AD' भारत और दुनियाभर में 2024 की सबसे बड़ी भारतीय फिल्म भी बन चुकी है। 'फाइटर' (358.89 करोड़) को पछाड़ इसने पहले सप्ताह में दुनियाभर में 700 करोड़ रुपये कमाए हैं।

कल्कि

'कल्कि 2898 AD' को मिले सबसे ज्यादा दर्शक 

'कल्कि 2898 AD' 2024 की ऐसी फिल्म बन गई है, जिसे सबसे ज्यादा दर्शक मिले हैं। पहले यह रिकॉर्ड 'हनुमान' के नाम था, जिसने 1.44 करोड़ दर्शक प्राप्त किए। इसके बाद 'फाइटर' को 1.17 करोड़ दर्शक मिले और अब 2 करोड़ दर्शक के साथ 'कल्कि' पहले पायदान पर है। इसके अलावा 'बाहुबली' (650 करोड़ रुपये) और 'सलार' (617.75 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ते हुए 'कल्कि' (900 करोड़) प्रभास की 'बाहुबली 2' के बाद सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है।

अन्य रिकॉर्ड

अन्य रिकॉर्ड यहां जानिए 

'कल्कि 2898 AD' दुनियाभर में पहले सप्ताह में अब तक की 8वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म है। 'बाहुबली 2', 'KGF 2', 'RRR', 'जवान', 'एनिमल', 'पठान' और 'दंगल' के बाद 8वीं फिल्म है। इसके अलावा 'बाहुबली 2', 'KGF 2' और 'RRR' के बाद 'कल्कि 2898 AD' दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दक्षिण भारतीय फिल्म बन गई है। बता दें कि 'कल्कि 2898 AD' का निर्देशन नाग अश्विन ने किया है।