अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'कन्नप्पा' में नजर आएंगे प्रभास, जल्द शुरू होगी शूटिंग
क्या है खबर?
मुकेश कुमार सिंह के निर्देशन में बन रही फंतासी ड्रामा फिल्म 'कन्नप्पा' का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
यह फिल्म भगवान शिव के भक्त के बारे में पौराणिक कथाओं पर आधारित है। इस फिल्म में विष्णु मंचू मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
अक्षय कुमार भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। 'कन्नप्पा' के जरिए अक्षय दक्षिण भारतीय सिनेमा में कदम रखने जा रहे हैं।
अब खबर है कि प्रभास भी फिल्म 'कन्नप्पा' की स्टारकास्ट में शामिल हो गए हैं।
कन्नप्पा
पैन-इंडिया फिल्म है 'कन्नप्पा'
'कन्नप्पा' की कहानी छठीं और आठवीं शताब्दी के दौरान भगवान शिव के एक प्रबल भक्त के इर्द-गिर्द घूमेगी। मोहनलाल, प्रभुदेवा और आर सरथ कुमार भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।
यह एक पैन-इंडिया फिल्म है, जिसे हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
इस फिल्म का बजट 100 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। मोहन बाबू इस फिल्म के निर्माता हैं।
फिल्म की रिलीज तारीख फिलहाल सामने नहीं आई है।
प्रभास
ये हैं प्रभास की आगामी फिल्में
प्रभास को आखिरी बार फिल्म 'सालार: सीजफायर पार्ट- 1' में देखा गया था, जो 2023 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में शामिल है।
अब प्रभास फिल्म 'कल्कि 2898 AD' में नजर आएंगे, जिसके निर्देशन की कमान नाग अश्विन ने संभाली है।
अमिताभ बच्चन, कमल हासन, दीपिका पादुकोण और दिशा पटानी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।
'द राजा साब' भी प्रभास के खाते से जुड़ी है। वह 'सालार' की दूसरी किस्त में भी दिखाई देंगे।