'डॉन 3' विवाद: पूनम ढिल्लों भड़कीं- हमारे ही सदस्य का मामला और हमें ही नहीं पता
क्या है खबर?
अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म 'डॉन 3' से जुड़ा विवाद उस समय काफी बढ़ गया, जब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने उनके खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी कर दिया। फिल्म फेडरेशन के इस फैसले पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। अब इस पूरे विवाद पर सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की अध्यक्ष पूनम ढिल्लों का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने रणवीर के साथ काम न करने के FWICE के फैसले पर नाराजगी जताई है।
बयान
"हम समझ नहीं पा रहे क्या कहें"
वैराइटी इंडिया से पूनम ढिल्लों ने कहा, "CINTAA एक संस्था के तौर पर ये उम्मीद करती थी कि अगर कोई समस्या थी तो कम से कम दोनों पक्षों या किसी एक पक्ष द्वारा हमसे संपर्क किया जाता, लेकिन न तो कलाकारों, न ही प्रोडक्शन और ना ही FWICE में से किसी ने हमसे संपर्क किया, इसलिए हम ये समझ नहीं पा रहे हैं कि इस पर क्या कहें, क्योंकि हमारे पास इस मामले की पूरी और विस्तृत जानकारी नहीं है।"
ूमकूक
'डॉन 3' विवाद पर पूनम ढिल्लों
पूनम ने कहा, "जब तक मेरे पास सही जानकारी नहीं आ जाती, मैं इस स्थिति पर अपनी कोई राय नहीं दे सकती, क्योंकि हमने अब तक जो कुछ भी सुना है, वो सिर्फ मीडिया में पढ़ा है। ये हमारे लिए बहुत ही अजीब स्थिति है, क्योंकि ये हमारे ही एक सदस्य का मामला है, लेकिन इसके बावजूद न तो कलाकार ने, न निर्माता ने और ना ही फेडरेशन ने हमें इस बारे में कोई जानकारी दी या विश्वास में लिया।"
विवाद की जड़
आखिर कहां से शुरू हुआ रणवीर सिंह का पूरा विवाद?
साल 2023 में जब शाहरुख खान की जगह रणवीर को 'डॉन 3' के लिए चुना गया तो इसे लेकर भारी उत्साह था, लेकिन असली विवाद दिसंबर, 2025 में तब शुरू हुआ, जब निर्देशक आदित्य धर की 'धुरंधर' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद रणवीर ने अचानक 'डॉन 3' से अपना नाम वापस ले लिया। रणवीर के इस फैसले से निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी (एक्सेल एंटरटेनमेंट) को बड़ा झटका लगा और उनके बीच कड़वाहट पैदा हो गई।
फैसला
रणवीर सिंह पर FWICE का बड़ा एक्शन
अब FWICE ने इस पूरे मामले में बेहद सख्त कदम उठाते हुए रणवीर के खिलाफ 'असहयोग' का निर्देश जारी कर दिया है। फेडरेशन का साफ कहना है कि अब उनका कोई भी सदस्य, कर्मचारी या तकनीशियन अभिनेता रणवीर के साथ किसी भी प्रोजेक्ट पर काम नहीं करेगा। FWICE के मुताबिक, रणवीर का अचानक 'डॉन 3' से अलग होना और निर्माताओं से विवाद गैर-पेशेवर है। विवाद सुलझने तक रणवीर के साथ हर तरह का सहयोग बंद रहेगा।