'पूजा मेरी जान' की रिलीज के लिए गिड़गिड़ाए निर्देशक, बोले- लालच में फिल्म दबाकर बैठा मैडॉक
क्या है खबर?
मृणाल ठाकुर और हुमा कुरैशी अभिनीत फिल्म 'पूजा मेरी जान' के निर्देशक नवजोत गुलाटी ने अपनी फिल्म की रिलीज को लेकर दिनेश विजान के प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म्स और प्रोड्यूसर अमर कौशिक के खिलाफ अपना दर्द बयां किया है। साल 2022 में बनकर तैयार हुई इस फिल्म की रिलीज में हो रही देरी से परेशान नवजोत ने भावुक अपील करते हुए कहा कि वो निर्माताओं को कॉल-मैसेज कर-करके थक चुके हैं, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
नाराजगी
नवजोत गुलाटी में निर्माता-निर्देशक पर निकाला गुस्सा
मृणाल और हुमा कुरैशी की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'पूजा मेरी जान' अगस्त 2022 में पूरी होने के बावजूद अब तक डिब्बे में बंद है। फिल्म की रिलीज के लिए तरस रहे इसके निर्देशक नवजोत गुलाटी ने मैडॉक फिल्म्स और को-प्रोड्यूसर अमर कौशिक के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया है। नवजोत ने भावुक होते हुए कहा, "मैं कॉल और मैसेज कर-करके थक चुका हूं। ये फिल्म शायद अब कभी रिलीज नहीं हो पाएगी, क्योंकि उन्हें कोई परवाह नहीं है।"
दुखद
पिता अस्पताल के बिस्तर से पूछते रहे सवाल
वैरायटी इंडिया से बात करते हुए नवजोत ने बताया कि उनके पिता, जिनका 2024 में निधन हो गया, अपनी जिंदगी के आखिरी 3 महीने अस्पताल के बिस्तर पर बिताए। उस दौरान वे बार-बार बस एक ही सवाल पूछते थे, "पूजा मेरी जान कब रिलीज होगी?" नवजोत ने नम आंखों से कहा कि उनके पिता की आखिरी इच्छा इस फिल्म को पर्दे पर देखने की थी। पिता के जाने के बाद भी निर्माताओं की चुप्पी ने उन्हें तोड़कर रख दिया है।
दावा
अमर कौशिक ने कॉल-मैसेज करना किया बंद- नवजोत
नवजोत ने बताया कि फिल्म के सह-निर्माता और 'स्त्री 2' के निर्देशक अमर कौशिक ने उनकी कॉल और मैसेज का जवाब देना पूरी तरह बंद कर दिया है। उनके मुताबिक, दोनों के बीच आखिरी बातचीत अक्टूबर 2025 में हुई थी। उसके बाद से उन्होंने संपर्क करने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन अमर ने चुप्पी साधी हुई है। नवजोत बोले कि जिस फिल्म को लेकर निर्माताओं में कोई जवाबदेही नहीं है, उसका भविष्य अब अंधकार में नजर आ रहा है।
दो टूक
आवाज नहीं उठाई तो मेरी फिल्म कभी रिलीज नहीं होगी
बातचीत में नवजाेत ने आगे कहा, "मैं कॉल और मैसेज कर-करके थक चुका हूं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा। मैं नहीं चाहता कि ये फिल्म शूजीत सरकार की 'शू बाइट' बन जाए, जिसके बारे में सिर्फ बातें की जाती हैं लेकिन वो कभी रिलीज नहीं हो पाई। मुझे डर है कि अगर मैंने आज आवाज नहीं उठाई तो वे इस फिल्म को कभी रिलीज नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें इसकी कोई परवाह ही नहीं है।"
आराेप
मोटी डील के चक्कर में अटकी 'पूजा मेरी जान'
निर्देशक का आरोप है कि मैडॉक फिल्म्स बड़ी डील के लालच में उनकी फिल्म 'पूजा मेरी जान' को दबाकर बैठा है। उनका सवाल है कि जब OTT पर सही दाम नहीं मिल रहा तो 'वध 2' की तरह उनकी फिल्म सिनेमाघर में रिलीज क्यों नहीं की जा रही? उनके मुताबिक, राधिका मदान की 'रूमी की शराफत' और वाणी कपूर की 'सर्वगुण संपन्न; भी रोकी गई हैं। फिल्म की बात करने पर उन्हें सिर्फ धैर्य रखने की सलाह दी जाती है।