पूजा बेदी नहीं करेंगी मंगेतर संग शादी, बोलीं- निजी रिश्ते में सरकार को शामिल क्यों करना?
क्या है खबर?
अभिनेत्री पूजा बेदी ने अपनी शादी को लेकर खुलासा करते हुए बताया कि लगभग 8 साल की सगाई के बावजूद उनका मंगेतर मानेक कॉन्ट्रैक्टर से शादी करने का कोई इरादा नहीं है। पूजा के मुताबिक, सालों में शादी को लेकर उनका नजरिया बदला है और उनके लिए सगाई का कमिटमेंट ही काफी है। दोनों स्वतंत्र हैं और अपनी संपत्तियों को बिना किसी उलझन के अपने-अपने बच्चों को सौंप सकते हैं।
सोच
"अब शादी की संस्था पर भरोसा नहीं..."
विकी लालवानी से बातचीत में पूजा ने कहा कि समय के साथ शादी को लेकर उनकी सोच पूरी तरह बदल गई है।
जहां एक समय वो ताउम्र साथ निभाने वाली पारंपरिक शादी की अवधारणा में विश्वास रखती थीं, वहीं अपने अनुभवों के बाद अब इस संस्था को देखने का उनका नजरिया बदल गया है। यही वजह है कि मानेक के साथ सगाई के बंधन में बंधे होने के बावजूद उनका शादी करने का कोई इरादा नहीं है।
बयान
सगाई कर ली, पर शादी नहीं करेंगी पूजा
पूजा कहती हैं, "आज मैं मानेक के साथ रिश्ते में हूं और हमारी सगाई को 8 साल हो चुके हैं। लोग अक्सर मुझसे बड़े उत्साह के साथ पूछते हैं कि 'तो आप शादी कब कर रही हैं और मैं उनसे कहती हूँ कि मैं शादी नहीं कर रही हूं। सगाई तो तब होती है, जब कोई आपकी उंगली में अंगूठी पहनाकर कहता है कि वो आपसे शादी करना चाहता है।"
स्पष्टीकरण
"शादी यानी निजी रिश्ते में सरकार को शामिल करना"
पूजा आगे समझाती हैं, "सगाई का सीधा सा मतलब होता है- ये कहना कि 'मैं तुम्हारे साथ एक साथी, प्रेमी, पति और बच्चों के पिता के रूप में पूरी जिंदगी बिताना चाहता हूं।' जब इतना गहरी प्रतिबद्धता मौजूद है तो वही काफी है। इसके बाद आप केवल एक कागज पर दस्तखत कर रहे होते हैं और अपने निजी मामले में सरकार को शामिल कर रहे होते हैं।"
पूजा के मुताबिक, शादी को लेकर समाज की सोच अब बदल चुकी है।
दो टूक
"मेरी जायदाद मेरे बच्चों की, उनकी उनके बच्चों की"
मानेक के साथ 8 साल बिताने के बाद पूजा बेदी बिना शादी के रहना पसंद करती हैं। उनका मानना है कि इससे वित्तीय मामले आसान रहते हैं। पूजा कहती हैं, "ये बहुत सरल है। हम दोनों पहले से तलाकशुदा हैं और हमारे बच्चे हैं। संपत्ति के मामले में मेरी जायदाद मेरे बच्चों को मिलेगी और उनकी संपत्ति उनके बच्चों को। हम दोनों आत्मनिर्भर हैं और कमा रहे हैं, इसलिए वित्तीय सुरक्षा के लिए हमें एक-दूसरे की जरूरत नहीं है।"
रुख
कानूनी अनुबंध में नहीं बंधना चाहतीं पूजा
पूजा बोलीं कि वे लिव-इन में नहीं रहते, फिर भी बिना शादी के शादीशुदा जैसे हैं। मानेक गोवा तो पूजा मुंबई में रहकर एक-दूसरे को स्पेस देते हैं।
पूजा ने साफ किया कि वे कभी शादी नहीं करेंगी। सगाई के समय उनका इरादा शदी का था, लेकिन बाद में सोच बदल गई। उनका मानना है कि शादी उनकी जिंदगी की योजना में फिट नहीं बैठती।वो पहले शादीशुदा रह चुकी हैं, इसलिए अब किसी कानूनी अनुबंध में नहीं बंधना चाहतीं।
जानकारी
कब हुई थी पूजा-मानेक की सगाई?
पूजा-मानेक ने 14 फरवरी, 2019 में सगाई की थी। इससे पहले पूजा की शादी फरहान फर्नीचरवाला से हुई थी, जिनसे साल 2003 में उनका तलाक हो गया था। दोनों के 2 बच्चे हैं बेटी अलाया एफ, जो अभिनेत्री हैं और बेटे का नाम ओमर है।