फिल्म 'फूल और कांटे' के निर्देशक और अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का निधन
क्या है खबर?
बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक कुकू कोहली का दिल का दौरा पड़ने से 77 की आयु में मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया। फिल्म 'फूल और कांटे' से अभिनेता अजय देवगन को पहला ब्रेक देने वाले कुकू ने 'सुहाग', 'हकीकत', 'अनाड़ी नं 1' और 'ये दिल आशिकाना' जैसी कई लोकप्रिय फिल्मों का निर्देशन किया था। दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली के जाने से फिल्म जगत में शोक की लहर है।
शुरुआत
11 साल तक रहे राज कपूर के सहायक
अवतार कोहली के नाम से जन्मे कुकू ने अपने करियर की शुरुआत राज कपूर के साथ काम करके की थी। उन्होंने राज कपूर के साथ लगभग 11 साल तक सहायक के रूप में काम किया और 'बॉबी', 'सत्यम शिवम सुंदरम' व 'प्रेम रोग' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से जुड़े रहे।
बाद में राहुल रवैल के साथ सेकंड-यूनिट निर्देशक के रूप में 'बेताब' और 'अर्जुन' जैसी मशहूर फिल्मों में काम किया, जहां से उन्हें स्वतंत्र निर्देशन की बारीकियां सीखने को मिलीं।
लोकप्रियता
'फूल और कांटे' और 'सुहाग' से रचा था इतिहास
हिंदी सिनेमा में कुकू कोहली का सबसे बड़ा योगदान 1991 की फिल्म 'फूल और कांटे' माना जाता है, जिससे अजय देवगन और अभिनेत्री मधू ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा था।
इसके बाद 1994 में उनकी फिल्म 'सुहाग' आई, जिसने पहली बार अजय देवगन और अक्षय कुमार को एक साथ पर्दे पर लाया। करिश्मा कपूर और नगमा अभिनीत ये फिल्म उस साल की सबसे सफल फिल्मों में से एक साबित हुई।
फिल्में
गोविंदा को बनाया 'अनाड़ी नंबर 1'
कुकू कोहली ने साल 1995 में अजय देवगन और तब्बू के साथ फिल्म 'हकीकत' बनाई। इसके अलावा उन्होंने गोविंदा के साथ 'अनाड़ी नंबर 1' और अक्षय कुमार-ट्विंकल खन्ना के साथ 'जुल्मी' का निर्देशन किया था।
साल 2002 में आई उनकी रोमांटिक फिल्म 'ये दिल आशिकाना' को नदीम-श्रवण के सुरीले संगीत के लिए आज भी याद किया जाता है। हाल ही में साल 2026 में रिलीज के 2 दशक बाद इस फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था।
आखिरी फिल्म और शादी
कुकू ने अरुणा ईरानी संग रचाई थी दूसरी शादी
कुकू कोहली के निर्देशन में बनी आखिरी फिल्म साल 2004 में आई 'वो तेरा नाम था' थी, जिससे अर्जन बाजवा और कांची कौल ने शुरुआत की थी।
कुकू की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 2 शादियां की थीं। पहली पत्नी रीता कोहली से उनकी 2 बेटियां, पूजा और करिश्मा हैं। इसके बाद साल 1990 में उन्होंने मशहूर अभिनेत्री अरुणा ईरानी से शादी की थी। कुकू कोहली और अरुणा ईरानी की अपनी कोई संतान नहीं थी।