'पति पत्नी और वो दो' का चौथे दिन बिगड़ा संतुलन, सूर्या की 'करप्पू' का जलवा बरकरार
क्या है खबर?
आयुष्मान खुराना की रोमांटिक-कॉमेडी 'पति पत्नी और वो दो' ने वीकेंड पर दमदार प्रदर्शन किया था। हालांकि कारोबारी दिनों में लौटकर इसके कदम डगमगाने लगे हैं। बॉक्स ऑफिस पर पहले ही साेमवार को कमाई का संतुलन बिगड़ता दिखाई दिया है। वहीं दूसरी ओर, सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म 'करप्पू' ताबड़तोड़ कमाई करती जा रही है और 100 करोड़ के क्लब में जगह बनाने के बेहद करीब है। इन दोनों के आगे फिल्म 'आखिरी सवाल' औंधे मुंह गिर गई है।
कमाई
'पति पत्नी और वो दो' की कमाई में आई गिरावट
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने अपने पहले सोमवार, यानी चौथे दिन सिर्फ 3.25 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह अब तक का सबसे कम आंकड़ा है, क्योंकि 4 करोड़ रुपये से खाता खोलकर इसने दूसरे दिन 5.75 करोड़ और तीसरे दिन 7.75 करोड़ रुपये कमाए थे। 4 दिनों में फिल्म कुल 20.75 करोड़ रुपये जमा कर पाई है। आगे की राहें और मुश्किल होंगी क्योंकि अगले हफ्ते अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की फिल्म 'चांद मेरा दिल' रिलीज हो रही है।
प्रदर्शन
सूर्या की फिल्म 'करप्पू' कर रही बेहतरीन प्रदर्शन
सूर्या की फिल्म 'करप्पू' बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने पहले दिन 17.93 करोड़, दूसरे दिन 27.98 करोड़, तीसरे दिन 32.84 करोड़ रुपये कमाए थे, और चौथे दिन कमाई 16.54 करोड़ रुपये हुई है। इसका कुल कलेक्शन अब 82.30 करोड़ रुपये हो गया है। उधर संजय दत्त की फिल्म 'आखिरी सवाल' अपने आखिरी दिन गिन रही है। चौथे दिन 21 लाख रुपये कमाने के बाद फिल्म अब तक सिर्फ 2.16 करोड़ रुपये बटोर सकी है।