वार्नर ब्रदर्स की कमान अब पैरामाउंट-स्काईडांस के हाथ, क्या होगा नेटफ्लिक्स के घुटने टेकने का असर?
क्या है खबर?
मनोरंजन जगत में एक बहुत बड़ा बदलाव होने जा रहा है। लंबे समय से चल रही खींचतान के बाद अब साफ हो गया है कि पैरामाउंट और स्काईडांस मिलकर वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी का अधिग्रहण करने के लिए तैयार हैं। दिलचस्प बात ये है कि दुनिया की दिग्गज स्ट्रीमिंग कंपनी नेटफ्लिक्स ने इस बड़ी डील की रेस से अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। नेटफ्लिक्स के बाहर होने के बाद अब पैरामाउंट और स्काईडांस के लिए रास्ता साफ हो गया है।
ऐलान
वार्नर ब्रदर्स को खरीदेन की रेस से बाहर हुआ नेटफ्लिक्स
मनोरंजन की दुनिया में महीनों से चल रही खींचतान अब खत्म हो गई है। नेटफ्लिक्स ने घोषणा कर दी है कि वो वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी को खरीदने की रेस से बाहर हो रहा है। नेटफ्लिक्स ने पैरामाउंट-स्काईडांस की ताजा बोली के बराबर दांव न लगाने का फैसला किया है, जिससे अब इस महा-विलय का रास्ता साफ हो गया है। नेटफ्लिक्स के CO-CEO टेड सारंडोस और ग्रेग पीटर्स ने इस खबर की पुष्टि कर उन अटकलों पर विराम लगा दिया है।
बोली
पैरामाउंट-स्काईडांस की ऊंची बोली के आगे नेटफ्लिक्स ने मानी हार
नेटफ्लिक्स के CO-CEO ने कहा, "हमने जिस सौदे के लिए बातचीत की थी, उससे शेयरधारकों की वैल्यू बढ़ती और नियामक मंजूरी का रास्ता भी साफ था। हालांकि, हम हमेशा से अपने अनुशासन पर कायम रहे हैं और पैरामाउंट-स्काईडांस की ताजा बोली के बराबर पहुंचने के लिए जो कीमत चाहिए, उस पर ये सौदा अब आर्थिक रूप से आकर्षक नहीं रह गया है।" CEO ने साफ कहा कि वो इस डील के लिए बेतहाशा पैसा खर्च नहीं करेंगे।
दांव
डेविड एलिसन की अगुवाई में पैरामाउंट-स्काईडांस का बड़ा कदम
CEO डेविड एलिसन के नेतृत्व वाली पैरामाउंट-स्काईडांस ने इस डील के लिए अपनी बोली बढ़ाकर 2,604 प्रति शेयर कर दी है। ये पूरी तरह से एक नकद सौदा है, जिसमें वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी की कुल कीमत लगभग 6.46 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। WBD के बोर्ड ने इसे एक बेहतर प्रस्ताव करार दिया है। डेविड ने बोर्ड के इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि इस विलय के बाद वैश्विक मनोरंजन उद्योग के समीकरण पूरी तरह बदल जाएंगे।
बदलाव
वार्नर-स्काईडांस की जोड़ी से बदलेगा अनुभव, नेटफ्लिक्स अलग राह पर
नेटफ्लिक्स ने इस रेस से बाहर निकलकर साफ किया है कि वो पैसा फेंकने के बजाय मुनाफे पर ध्यान देगा। अब कंपनी कम, लेकिन बेहतर कंटेंट बनाएगी। उधर पैरामाउंट-वार्नर ब्रदर डिस्कवरी का फोकस अपनी विशाल लाइब्रेरी को एक ही छत के नीचे लाने पर होगा, जिससे दर्शकों को एक ही जगह ढेर सारा प्रीमियम कंटेंट मिल सकेगा। वार्नर ब्रदर्स की बड़ी कहानियों के साथ जब स्काईडांस की शानदार तकनीक मिलेगी तो दर्शकों को सिनेमा और OTT पर बेहतर अनुभव मिलेगा।।