पंकज त्रिपाठी की 'ओह माय डॉग' ने पहले दिन कमाए 85 लाख, कम स्क्रीन्स का असर
पंकज त्रिपाठी की नई फिल्म 'ओह माय डॉग' 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। सीमित स्क्रीन्स पर रिलीज होने के बावजूद फिल्म ने भारत में पहले दिन 85 लाख रुपये का कारोबार किया, जबकि इसका कुल (ग्रॉस) कलेक्शन 1.02 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। ये कमाई देशभर के 844 शो से दर्ज की गई है। कम सिनेमाघरों और सीमित शो मिलने की वजह से फिल्म की पहले दिन की कमाई पर सीधा असर देखने को मिला है।
'ओह माय डॉग' की हो रही तारीफ
फिल्म 'ओह माय डॉग' की कहानी इंसानों और उनके वफादार कुत्तों के बीच के खास और भावनात्मक रिश्ते पर आधारित है। सोशल मीडिया पर पंकज त्रिपाठी के फैंस और जानवरों से प्यार करने वाले लोग इस फिल्म की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
इस फिल्म का निर्देशन अमित राय ने किया है, जिन्हें इससे पहले सुपरहिट फिल्म 'OMG 2' के लिए काफी सराहना मिली थी। दिलचस्प बात ये है कि अमित राय ने अपनी इस नई फिल्म में अपनी पिछली हिट फिल्म 'OMG 2' का एक मजेदार संदर्भ भी शामिल किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म का अनुमानित बजट 8 करोड़ से 25 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है।