'ओह माय डॉग' की रिलीज तारीख बदली, फिल्म की राह में किसने अटकाया रोड़ा?
क्या है खबर?
पंकज त्रिपाठी की फिल्म 'ओह माय डॉग' का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बुरी खबर है। अमित राय द्वारा निर्देशित ये फिल्म पहले 31 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, जो टल गई है। निर्माताओं ने इसे एक सप्ताह के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है, जिससे लोगों को इंतजार करना होगा। बता दें, 'ओह माय डॉग' का ट्रेलर कुछ दिन पहले जारी हुआ था और तब से लोग फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
कारण
स्क्रीन की किल्लत ने बिगाड़ा पूरा खेल
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, 'ओह माय डॉग' के निर्माताओं को सिनेमाघरों की कमी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि मार्वल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' को प्राथमिकता दिए जाने की उम्मीद है।
टॉम हॉलैंड और जेंडाया अभिनीत ये सुपरहीरो फिल्म बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है, जिससे छोटी फिल्मों के लिए पर्याप्त प्रदर्शन हासिल करना मुश्किल होगा।
ऊपर से 'धमाल 4', 'द ओडिसी' और 'द इंडिया स्टोरी' जैसी फिल्मों की सिनेमाघरों में भरमार है।
रिलीज
अगस्त में सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
फिल्म को आगे बढ़ाने के फैसले पर बात करते हुए निर्देशक ने कहा कि 'ओह माय डॉग' को स्थगित करने का फैसला "पूरी तरह से व्यावहारिक" था, जो सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ के कारण लिया गया था, न कि फिल्म को लेकर किसी चिंता के कारण।
रिपोर्ट में कहा गया है कि फिल्म अब 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
हाल ही में सेंसर बोर्ड ने 'ओह माय डॉग' को U/A प्रमाणपत्र देकर पास किया है।