'ओह माय डॉग' पर सेंसर बोर्ड ने चलाई कैंची, 7 बदलावों के बाद दिया ये प्रमाणपत्र
क्या है खबर?
निर्देशक अमित राय की फिल्म 'ओह माय डॉग' सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। पंकज त्रिपाठी अभिनीत इसका ट्रेलर इसी हफ्ते यूट्यूब पर जारी किया गया था, जिसे लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। ताजा अपडेट है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने कुछ बदलावाें के बाद इसकी रिलीज को हरी झंडी दिखा दी है। साथ में U/A रेटिंग के साथ प्रमाणपत्र भी दिया है, जिसके चलते कम उम्र के दर्शक फिल्म को माता-पिता के मार्गदर्शन में देख सकेंगे।
बदलाव
बोर्ड ने फिल्म में 7 संशोधन करने का निर्देश दिया
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने फिल्म की जिन सामग्री पर आपत्ति जताई, उनमें 'ट्रूकॉलर' और 'डेटॉल' जैसे ब्रांडों के नाम शामिल है। एक अपशब्द को हटाया गया है। कुत्ते से जुड़े एक दृश्य को 2 सेकेंड छोटा किया गया है, जबकि एक अन्य दृश्य में भगवान हनुमान के फोटो फ्रेम को धुंधला किया गया है।
बोर्ड ने टीम को 2 अस्वीकरण जोड़ने का भी निर्देश दिया है, जिनमें से एक बाल श्रम और दूसरा मानव तस्करी पर है।
प्रतिक्रिया
बोर्ड के फैसले का निर्देशक ने किया सम्मान
वैरायटी इंडिया से बातचीत में निर्देशक ने बोर्ड के निर्देश को व्यवहारिक बताया और कहा कि इस बार जिस तरह से काम हुआ है उससे वह खुश हैं। उन्होंने कहा, "मैं बेहद खुश हूं। उन्होंने मुझे ऐसे कट दिए हैं जो व्यवहारिक हैं।"
दरअसल, उनकी पिछली फिल्म 'OMG 2' (2023) को लगभग 85 संशोधनों के बाद 'ए' प्रमाणपत्र दिया गया था।
'ओह माय डॉग' इस फ्रैंचाइजी की तीसरी कड़ी है, जो 31 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।