'मिर्जापुर' की तरह 'पंचायत' पर भी फिल्म बनाने की तैयारी? निर्माताओं ने कही ये बात
क्या है खबर?
अमेजन प्राइम वीडियो की लोकप्रिय सीरीज 'पंचायत' का 5वां सीजन आने के लिए तैयार है। हाल ही में निर्माताओं ने इसका रोमांचक ट्रेलर रिलीज करते हुए दर्शकों के बीच हलचल मचा दी। अब इससे जुड़ा एक और दिलचस्प अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि निर्माता इस लोकप्रिय कॉमेडी-ड्रामा सीरीज पर फिल्म बनाने पर विचार कर रहे हैं। इससे पहले, अली फजल की सीरीज 'मिर्जापुर' पर बनी फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' दर्शकों का दिल जीत चुकी है।
ख्वाहिश
'पंचायत' को बड़े पर्दे पर लाना चाहते हैं निर्माता
23 नवंबर को, भोपाल के पास महोदिया गांव में 'पंचायत सीजन 5' के ट्रेलर लॉन्च करते हुए TVF के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने इस पर फिल्म बनाने को लेकर ख्वाहिश जताई।
उन्होंने कहा, "हर कहानीकार की आखिरी मंजिल बड़ा पर्दा होता है। 2016 में भी, हम 'पंचायत' को बड़े पर्दे पर ले जाना चाहते थे। ऐसा नहीं है कि हम 'मिर्जापुर' या कुछ और देखने के बाद ऐसा करना चाहते हैं। हम आखिर में इसे वहीं ले जाना चाहते हैं।"
उम्मीद
"फिल्म बनी तो पूरी कास्ट इसमें शामिल होगी"
उन्होंने आगे कहा, "हमें उम्मीद है, हमारे पास इसे बड़े पर्दे पर ले जाने के सपने हैं। उम्मीद है कि यहां मौजूद यह पूरा ग्रुप भी इसे अपने सपने का हिस्सा बनाएगा और किसी दिन हम 'पंचायत' फिल्म को बड़े पर्दे पर देखेंगे।"
2020 से लेकर 'पंचायत' के अब तक 4 सीजन आ चुके हैं। इसमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता और फैसल मलिक जैसे सितारे हैं।
'पंचायत 5' का प्रीमियर 3 दिसंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा।