Page Loader
कौन है वेब सीरीज 'पंचायत 4' की रिंकी, उनका असली नाम जानते हैं आप? 
कौन है 'पंचायत 4' की रिंकी?

कौन है वेब सीरीज 'पंचायत 4' की रिंकी, उनका असली नाम जानते हैं आप? 

Jun 25, 2025
07:06 pm

क्या है खबर?

अमेजन प्राइम वीडियो की सबसे चर्चित और लोकप्रिय वेब सीरीज में से एक 'पंचायत' का चौथा सीजन रिलीज हो चुका है, जिसके हर एक एपिसोड पर दर्शक दिल खोलकर प्यार लुटा रहे हैं। इस सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, फैसल मलिक और चंदन रॉय जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। इसमें सान्विका भी अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने सीरीज में प्रधान जी (रघुबीर) की बेटी रिंकी का किरदार निभाया है। आइए जानें आखिर सान्विका हैं कौन।

परिचय

पूजा सिंह है सान्विका का असली नाम

सान्विका हिंदी सिनेमा की उभरती हुई अभिनेत्री हैं। उनका जन्म मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुआ था। अभिनेत्री का असली नाम पूजा सिंह है, लेकिन प्रशंसकों के बीच वह सान्विका के नाम से मशहूर हैं। शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की और बेंगलुरु की एक कंपनी में नौकरी करने लगीं, लेकिन इसमें उनका मन नहीं लगा। सान्विका को बचपन से ही अभिनय में रुचि थी, जिसके चलते उन्होंने नौकरी छोड़कर मुंबई का रुख किया।

काम

इन वेब सीरीज में नजर आ चुकी हैं सान्विका

सान्विका ने अपने करियर की शुरुआत में कई चुनौतियों का सामना किया था। वह 'लखन लीला भार्गव' और 'हजामत' जैसी वेब सीरीज में नजर आ चुकी हैं। हालांकि, उन्हें लोगों के बीच पहचान वेब सीरीज 'पंचायत' से मिली और घर-घर मशहूर हो गईं। बता दें कि सान्विका सोशल मीडिया पर भी खूब सक्रिय रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उन्हें 4 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। हालांकि, इंस्टाग्राम पर सान्विका के केवल 10 ही पोस्ट हैं।