Page Loader
रणवीर सिंह से शाहरुख खान तक, विवादों के बाद बदले इन सितारों की फिल्मों के नाम
विवाद के बाद बदले गए इन फिल्मों के नाम

रणवीर सिंह से शाहरुख खान तक, विवादों के बाद बदले इन सितारों की फिल्मों के नाम

Jun 14, 2025
06:03 am

क्या है खबर?

इन दिनों विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' चर्चा में है, जिसका नाम पहले 'द दिल्ली फाइल्स' रखा गया था। यह फिल्‍म 5 सितंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लोगों की मांग के बाद रिलीज से पहले हिंदुओं के नरसंहार की कहानी दिखाने वाली इस फिल्म का नाम बदला गया। आइए रणवीर सिंह समेत बॉलीवुड के उन सितारों की फिल्मों के बारे में जानें, जिन पर विवाद होने के बाद उनका नाम बदल दिया गया।

#1 और #2

'पद्मावत' और 'गोलियों की रासलीला रामलीला'

संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी 'पद्मावत' का नाम 'पद्मावती' था। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की इस फिल्म पर एतिहासिक तथ्याों से छेड़छाड़ का आरोप लगा, जिसके बाद इसका नाम बदलकर 'पद्मावत' कर दिया गया था। उधर रणवीर-दीपिका की फिल्म 'गोलियों की रासलीला रामलीला' का नाम पहले 'रामलीला' रखा गया था, जिसकी घोषणा होते ही विरोध होने लगा कि भंसाली हिंदू धर्म की अवहेलना कर रहे हैं। धार्मिक विवाद से बचने के लिए फिल्म का नाम बदला गया।

#3 और #4

'सम्राट पृथ्वीराज' और 'लक्ष्मी'

साल 2022 में अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' आई थी, जिसका पहले नाम 'पृथ्वीराज' था। विरोध के बाद इसके नाम के आगे सम्राट जोड़ा गया था। इस फिल्म से मानुषी छिल्लर ने बॉलीवुड में कदम रखा था। उधर अक्षय की फिल्म 'लक्ष्मी' का नाम पहले 'लक्ष्मी बॉम्ब' रखा गया था। हालांकि, धार्मिक समूहों और हिंदू संगठनों ने देवी लक्ष्मी के नाम के साथ 'बम' शब्द के इस्तेमाल का विरोध किया और फिर फिल्म का नाम लक्ष्मी कर दिया गया।

#5 और #6

'सत्यप्रेम की कथा' और 'लवयात्री'

कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की फिल्म 'सत्यप्रेम की कथा' पहले 'सत्यनारायण की कथा' नाम से बन रही थी, लेकिन जब इसका विरोध हुआ तो निर्माता-निर्देशक ने नाम बदलकर 'सत्यप्रेम की कथा' कर दिया। दूसरी ओर जब सलमान खान के बहनाेई आयुष शर्मा की फिल्म 'लवरात्रि' की घोषणा हुई तो कुछ हिंदू संगठनों ने इसे नवरात्रि से मिलता-जुलता बताया। विवाद न बढ़े, इसलिए रिलीज से पहले इसे 'लवयात्री' कर दिया गया।

#7 और #8

'हमारे बारह' और 'बिल्लू'

साल 2024 आई फिल्म 'हमारे बारह' का नाम पहले 'हम दो हमारे बारह' था। अन्नू कपूर अभिनीत इस फिल्म को भारी विरोधों का सामने करना पड़ा था, जिसके चलते निर्माताओं को इसका नाम बदलना पड़ा। उधर शाहरुख खान और दिवंगत अभिनेता इरफान खान की फिल्म 'बिल्लू बार्बर' का नाम बदलकर बिल्लू कर दिया गया था। फिल्म के नाम में नाई शब्द के होने से एक समुदाय ने इसका विरोध किया, जिसके बाद इसे सिर्फ 'बिल्लू' नाम से रिलीज किया गया।