LOADING...
सीरीज 'बिलेनियर' में अर्जुन रामपाल का कैसा होगा किरदार? जानिए क्या है अपडेट
अर्जुन रामपाल सीरीज 'बिलेनियर' में आएंगे नजर

सीरीज 'बिलेनियर' में अर्जुन रामपाल का कैसा होगा किरदार? जानिए क्या है अपडेट

Apr 03, 2026
06:50 pm

क्या है खबर?

अर्जुन रामपाल इन दिनों फिल्म 'धुरंधर 2' की अपार सफलता का जश्न मना रहे हैं। इस बीच, उनकी नई सीरीज 'बिलेनियर' काफी चर्चा बटोर रही है, जिसका निर्देशन हंसल मेहता करेंगे। सीरीज का नाम प्रभावशाली प्रतीत होता है, जिसके कारण अभिनेता के किरदार को लेकर काफी अटकलें लग रही हैं। हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, चर्चा है कि 'बिलेनियर' सीरीज में अर्जुन, एक शक्तिशाली उद्योगपति के किरदार में नजर आ सकते हैं जो असली जिंदगी से प्रेरित होगा।

कहानी

शक्तिशाली कारोबारी की कहानी होने का अनुमान

बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, 'बिलेनियर' शक्तिशाली कारोबारी के इर्द-गिर्द बुनी कहानी होने का अनुमान है जो महत्वाकांक्षा, प्रभाव और सफलता की कीमत जैसे विषयों को उजागर कर सकती है। चर्चा यह भी है कि क्या यह सीरीज वास्तवित जीवन के किरदारों से प्रेरित होगी। जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें विजय माल्या और ललित मोदी शामिल हैं। पुष्टि तो नहीं हुई है, लेकिन अटकलें हैं कि 'बिलेनियर' में उनके जीवन से जुड़े कुछ तत्व शामिल हो सकते हैं।

सीरीज

कौन कर रहा 'बिलेनियर' का निर्माण?

हंसल मेहता द्वारा निर्देशित सीरीज 'बिलेनियर' का सह-निर्देशन रॉबी ग्रेवाल ने किया है, जबकि निर्माण प्रभलीन संधू द्वारा ऑलमाइटी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले किया जा रहा है। इसकी पटकथा अनुभव चोपड़ा और शांतनु सागर ने लिखी है। इसे अमेजन MX प्लेयर पर अपने बढ़ते हुए ओरिजिनल कंटेंट के तहत रिलीज किया जाएगा। फिलहाल निर्माताओं ने इसकी कहानी और अन्य कलाकारों से जुड़ी जानकारी को अभी गुप्त रखा है। इसके अलावा, सीरीज की रिलीज तारीख का आना भी बाकी है।

Advertisement