ऑस्कर 2026: माइकल बी जॉर्डन बने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, 'सिनर्स' के लिए मिला पुरस्कार
क्या है खबर?
98वें ऑस्कर अवॉर्ड समारोह का आगाज अमेरिका के हॉलीवुड स्थित डॉल्बी थिएटर में किया गया। इस साल भारतीयों के लिए गर्व का पल रहा क्योंकि प्रियंका चोपड़ा इस कार्यक्रम में बतौर प्रेजेंटर शामिल हुईं। अभिनेता माइकल बी जॉर्डन ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर पुरस्कार हासिल करते हुए बड़ी उपलब्धि दर्ज करवाई है। उन्हें यह पुरस्कार उनकी फिल्म 'सिनर्स' के लिए दिया गया है। बता दें कि 'सिनर्स' को ऑस्कर में कुल 16 नामांकन हासिल हुए थे।
ट्विटर पोस्ट
माइकल बी जॉर्डन बने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता
Michael B. Jordan pulls double duty as the Smokestack Twins and wins the Lead Actor Oscar for SINNERS. #Oscars pic.twitter.com/ZghbO6OkTQ
— The Academy (@TheAcademy) March 16, 2026
जीत
इन अभिनेताओं को पछाड़कर हासिल की ये जीत
ऑस्कर 2026 के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेताओं की दौड़ में अभिनेता जॉर्डन की टक्कर अन्य 4 अभिनेताओं के साथ थी। इसमें पहला नाम अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो का है जिन्हें फिल्म 'वन बैटल आफ्टर अनदर' के लिए बेस्ट अभिनेता का नामांकन मिला था। उनके अलावा, फिल्म 'मार्टी सुप्रीम' (दिसंबर, 2025) के लिए टिमोथी चालमेट, फिल्म 'ब्लू मून' (अक्टूबर, 2025) के लिए एथन हॉक और फिल्म 'द सीक्रेट एजेंट' (मई, 2025) के लिए वैगनर मौरा को नामांनक मिला था।
इतिहास
जुड़वा बच्चों की भूमिका निभाने के लिए ऑस्कर जीतकर रचा इतिहास
फिल्म 'सिनर्स' में जॉर्डन ने जुड़वा बच्चों, स्मोक और स्टैक की भूमिका निभाई है। इस दोहरी भूमिका को निभाकर वह ऑस्कर का पुरस्कार जीतने वाले इतिहास के दूसरे अभिनेता बन गए। उन्होंने ली मार्विन के नक्शेकदम पर चलते हुए यह जीत हासिल की है, जिन्होंने 1966 में इलियट सिल्वरस्टीन की फिल्म 'कैट बैलू' में दोहरी भूमिका निभाने के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर पुरस्कार जीता था।
प्रतिक्रिया
ऑस्कर मिलने पर भावुक हुए जॉर्डन
गायक और संगीतकार लायनेल रिची ने जॉर्डन को यह पुरस्कार दिया। बेस्ट अभिनेता का खिताब हासिल करते वक्त जॉर्डन भावुक हो गए। उन्होंने मंच पर अपने संघर्ष के दिनों को याद किया और बताया कि कैसे वह अपनी मां के साथ न्यू जर्सी से न्यूयॉर्क ऑडिशन देने जाते थे। उस समय उनके पास टोल टैक्स देने के पैसे नहीं होते थे। उन्होंने पुरस्कार हासिल करते हुए 'सिनर्स' के निर्देशक रेयान कूगलर और सह-कलाकारों को विशेष धन्यवाद दिया।