दिलीप कुमार समेत इन सितारों की जिंदगी का आखिरी साल साबित हुआ 2021
क्या है खबर?
कोरोना काल शुरुआत से ही बॉलीवुड पर काल बनकर आया। महामारी के इस दौर में कई फिल्मी सितारों ने इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।
साल ख्त्म होने जा रहा है। कुछ ही दिन में नए साल का आगाज हो जाएगा। गुजरता साल एक तरफ कई लोगों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया, वहीं कुछ के लिए गम के बादल।
आइए जानते हैं उन सितारों के बारे में, जिनके निधन से सबकी आंखें नम हो गईं।
#1
दिलीप कुमार
यूं तो दिलीप कुमार लंबे समय से बीमार थे। वह कई बार अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती हुए, लेकिन हर बार अपने शुभचिंतकों की दुआओं के चलते वह लौट आते थे।
निधन से पहले उन्हें सांस लेने में परेशानी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 98 वर्षीय दिलीप 7 जुलाई को दुनिया छोड़कर चले गए।
बॉलीवुड के ट्रेजेडी किंग के जाने से उनके परिवार से लेकर पूरे बॉलीवुड और फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ पड़ी।
#2
सिद्धार्थ शुक्ला
इस साल 2 सितंबर को दिल का दौरा पड़ने से 40 की उम्र में सिद्धार्थ शुक्ला का निधन हो गया, जिसके बाद पूरा देश सदमे में था।
'बिग बॉस' के घर में शहनाज गिल के साथ उनकी जोड़ी को लोगों ने खूब सराहा था। दोनों की दोस्ती को शादी का नाम मिलने वाला था, लेकिन उनका यह ख्वाब भी अधूरा रह गया।
सिद्धार्थ जैसी शख्सियत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वह अपने चाहनेवालों की यादों में हमेशा अमर रहेंगे।
#3
सुरेखा सीकरी
75 साल की सुरेखा सीकरी ने कार्डिएक अरेस्ट के चलते इस साल 16 जुलाई को आखिरी सांस ली थी। उनके अभिनय का कोई तोड़ नहीं था। यही वजह है कि अपने शानदार अभिनय के लिए वह तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी थीं।
सीकरी ने 'तमस', 'मम्मो', 'सलीम लंगड़े पे मत रो', 'जुबेदा', 'बधाई हो' जैसी फिल्में कीं। धारावाहिक 'बालिका वधू' में निभाए उनके 'दादी सा' के किरदार को भी काफी लोक्रपियता मिली थी।
#4
अनुपम श्याम
धारावाहिक 'मन की आवाज प्रतिज्ञा' में ठाकुर सज्जन सिंह की भूमिका निभाने वाले अनुपम श्याम हर किसी के लिए अजीज थे। 2021 उनके और उनके चाहनेवालों के लिए भी बुरा साबित हुआ।
किडनी की बीमारी से जूझ रहे अनुपम ने 8 अगस्त को 63 की उम्र में अंतिम सांस ली।
अनुपम ने कहा था, "मैंने 'प्रतिज्ञा 2' में ठाकुर सज्जन सिंह की भूमिका निभाई, क्योंकि मैं अपने फैंस को निराश नहीं करना चाहता था। हालांकि, मेरी तबीयत ठीक नहीं थी।"
#5
पुनीत राजकुमार
पुनीत राजकुमार कन्नड फिल्म इंडस्ट्री का एक बड़ा नाम था। उनके अचानक जाने से पूरा देश गमगीन हो गया था। वर्कआउट करते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
46 साल के पुनीत ने 29 अक्टूबर को इस दुनिया को अलविदा कहा था। पुनीत का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया था।
उनकी अंतिम यात्रा में मनोरंजन से लेकर राजनीति जगत की कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं।
#6
घनश्याम नायक
घनश्याम नायक ने धारावाहिक 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में नट्टू काका बन खूब लोकप्रियता बटोरी। कैंसर के कारण 3 अक्टूबर को 77 वर्षीय घनश्याम का निधन हो गया।
उन्हें भले ही नट्टू काका के रोल से पहचान मिली, लेकिन अपने छह दशक के लंबे करियर में उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए।
घनश्याम ने 'बेटा', 'लाडला', 'क्रांतिवीर', 'बरसात', 'घातक', 'चाइना गेट', 'हम दिल दे चुके सनम', 'लज्जा', 'तेरे नाम', 'खाकी' और 'चोरी चोरी' जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया।
#7
शशिकला सहगल
70 के दशक की हिट अभिनेत्री शशिकला ने 4 अप्रैल को 88 की उम्र में आखिरी सांस ली। उन्होंने करीब 100 हिंदी फिल्मों में काम किया।
वह 'तीन बत्ती चार रास्ता', 'हमजोली', 'सरगम', 'चोरी चोरी' और 'नीलकमल' जैसी कई फिल्मों का हिस्सा रहीं। फिल्मों के साथ-साथ शशिकला ने टीवी में भी काम किया।
वह मशहूर धारावाहिक 'सोन परी' में फ्रूटी की दादी के रोल में नजर आई थीं। 2007 में शशिकला को भारत सरकार ने पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा था।
#8
राजीव कपूर
राज कपूर के सबसे छोटे बेटे और रणधीर के छोटे भाई राजीव कपूर का 9 फरवरी को निधन हुआ था। राजीव 58 साल के थे।
हार्ट अटैक पड़ने के बाद रणधीर कपूर उन्हें तुरंत हॉस्पिटल लेकर गए थे, लेकिन जब वह अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजीव ने राज कपूर के निर्देशन में बनी फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' से अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद वह कुछ ही फिल्मों में नजर आए थे।