Page Loader
नयनतारा नहीं, सामंथा को ऑफर हुई थी शाहरुख की 'जवान'
पहले नयनतारा (लेफ्ट) की जगह सामंथा (राइट) को ऑफर हुई थी 'जवान'

नयनतारा नहीं, सामंथा को ऑफर हुई थी शाहरुख की 'जवान'

Jun 05, 2022
11:54 am

क्या है खबर?

शाहरुख खान ने अपनी नई फिल्म 'जवान' का टीजर के साथ ऐलान कर दिया है। इसके बाद हर तरफ फिल्म की चर्चा है। फिल्म में शाहरुख के साथ मुख्य भूमिका में तमिल फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री नयनतारा नजर आएंगी। अब बॉलीवुड फैन्स के बीच नयनतारा की चर्चा हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म में फीमेल लीड के लिए नयनतारा पहली पसंद नहीं थीं। यह फिल्म पहले सामंथा रुथ प्रभु को ऑफर की गई थी।

कारण

इस वजह से समंथा ने फिल्म को किया मना

2019 में इस फिल्म का ऑफर दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री सामंथा को दिया गया था। उस वक्त सामंथा ने फिल्म को मना कर दिया और फिल्म नयनतारा की झोली में आ गई। खबरों की मानें तो सामंथा तब अपने पति नागा चैतन्य के साथ अपना परिवार बढ़ाने का सोच रही थीं। सामंथा OTT शो 'द फैमिली मैन 2' में नजर आई थीं। बीते दिनों फिल्म 'पुष्पा' के आइटम सॉन्ग 'ऊ अंतावा' से उन्होंने सुर्खियां बटोरी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

दक्षिण भारतीय सिनेमा में नागा और सामंथा का ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन रोमांस काफी मशहूर है। 2017 में सामंथा और नागा ने सात फेरे लिए थे। हालांकि, करीब तीन साल बाद, 2021 में दोनों ने आपसी सहमती से तलाक ले लिया।

स्टार-कास्ट

साउथ के कई कलाकार हैं 'जवान' का हिस्सा

तमिल के मशहूर निर्देशक एटली फिल्म 'जवान' का निर्देशन कर रहे हैं। यह एटली की पहली हिंदी फिल्म है। अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा, प्रियामणि, अभिनेता सुनील ग्रोवर और कॉमेडियन योगी बाबू भी फिल्म का हिस्सा हैं। शाहरुख की यह फिल्म 2 जून, 2023 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। 'जवान' के अलावा शाहरुख अपनी दो अन्य फिल्मों 'पठान' और 'डंकी' में भी व्यस्त हैं। ये तीनों फिल्में 2023 में रिलीज होंगी।

समानता

'डॉर्कमैन' से हो रही फिल्म की तुलना

टीजर रिलीज होने के बाद से फिल्म में शाहरुख के लुक की तुलना 1990 में आई हॉलीवुड की फिल्म 'डार्कमैन' से हो रही है। टीजर में शाहरुख के पूरे चेहरे पर पट्टी बंधी दिख रही है और वह घायल नजर आ रहे हैं। फिल्म 'डार्कमैन' में अभिनेता लियाम नीसन भी कुछ इसी अंदाज में नजर आए थे। शाहरुख के इस लुक के लिए प्रोस्थेटिक्स का इस्तेमाल किया गया है। फिल्म में शाहरुख डबल रोल में नजर आने वाले हैं।

खान स्टार्स

सलमान खान ने शेयर किया टीजर

शाहरुख की 'जवान' का टीजर सलमान खान ने भी शेयर किया है। अपने इंस्टाग्राम पर टीजर शेयर करते हुए सलमान ने लिखा, 'मेरे जवान भाई तैयार हैं।' सलमान के पोस्ट का रिप्लाई करते हुए निर्देशक एटली ने उन्हें धन्यवाद कहा है। बॉलीवुड में लंबे समय तक सलमान और शाहरुख खान की अनबन की चर्चा रही थी। हालांकि, अब दोनों खान स्टार्स अकसर एक-दूसरो को सपोर्ट करने नजर आते हैं।