'रामायण' में रावण के महिमामंडन पर भड़के नीतीश भारद्वाज, बोले- सिर्फ VFX से 'रामायण' नहीं बनती
क्या है खबर?
'महाभारत' में श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर मशहूर हुए अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' की अपनी तारीफ वापस ले ली है। ट्रेलर देखकर ऑस्कर जीतने की भविष्यवाणी करने वाले नीतीश भारद्वाज अब फिल्म देखकर बुरी तरह भड़क गए हैं। उन्होंने यह तक कह दिया कि ये फिल्म भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने के लायक नहीं है और इसमें भारत के इतिहास व सनातन परंपरा को गलत तरीके से पेश किया गया है।
हमला
रणबीर-यश की 'रामायण' पर भड़के 'श्रीकृष्ण'
अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा नोट साझा कर रणबीर कपूर और यश की 'रामायण' पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने लिखा कि इस महाकाव्य के सभी पात्र चाहे नायक हों या खलनायक, इसके मूल्यों और संदेश के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने आगे कहा कि भगवान विष्णु ने धर्म, परंपरा और मर्यादा की स्थापना के लिए ही श्रीराम के रूप में अवतार लिया था।
नीतीश ने फिल्म में रावण के चित्रण पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
किहक
सिर्फ VFX से रामायण नहीं बनती- नीतिश
नीतीश ने लिखा, 'फिल्म में रावण को एक अत्यधिक उदार, सामाजिक रूप से न्यायप्रिय और निष्पक्ष इंसान के रूप में पेश करके रामायण के नैतिक ढांचे को बदल दिया गया है, जो अवतार लेने के मूल उद्देश्य को ही खत्म करता है।'
अपनी पुरानी तारीफ पर नीतिश ने कहा कि अब उन्हें इस फिल्म में कुछ भी अच्छा नहीं लगता। उनके मुताबिक, सिर्फ शानदार VFX दिखाने से रामायण की असली सीख, गहराई और आध्यात्मिक महत्व को नहीं दिखाया जा सकता।
आलोचना
ये फिल्म भारत का प्रतिनिधित्व करने लायक नहीं- नीतिश
नीतीश ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत जिम्मेदार प्रतिनिधित्व की हकदार है। उन्होंने आगे कहा, 'मेरी राय में ये फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने के लायक नहीं है, क्योंकि इसकी कहानी भारत के इतिहास, विरासत और मूल आध्यात्मिक मूल्यों को गलत तरीके से पेश करती है।'
'रामायण: पार्ट 1' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के रोल में हैं, वहीं रवि दुबे ने लक्ष्मण का किरदार निभाया है।
सराहना
ट्रेलर देख नीतिश ने फिल्म को बताया था ऑस्कर विजेता
बता दें कि नीतीश ने पहले 'रामायण' का ट्रेलर देखकर इसकी जमकर तारीफ की थी। उन्होंने फिल्म को शानदार बताते हुए कहा था कि यह बेस्ट फॉरेन फिल्म का ऑस्कर 100 प्रतिशत जीत सकती है।
उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी की भी तारीफ की थी और कहा था कि वे सत्यजीत रे और शेखर कपूर के बाद भारतीय सिनेमा को दुनिया में पहचान दिलाने वाले बड़े फिल्मकार हैं। हालांकि, फिल्म देखने के बाद उनकी राय पूरी तरह से बदल गई है।