'बिग बॉस 14' की प्रतिभागी निक्की तंबोली हुईं कोरोना वायरस से संक्रमित, खुद को किया क्वारंटाइन
क्या है खबर?
देश में कोरोना वायरस के मामलों में फिर से बढ़ोतरी देखने की मिली है। हाल में कई बॉलीवुड कलाकार भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
अब जानकारी सामने आ रही है कि 'बिग बॉस 14' की प्रतिभागी और अभिनेत्री निक्की तंबोली कोरोना वायरस से संक्रमित पायी गई हैं।
निक्की ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इस बात की जानकारी दी है कि वह कोरोना पॉजिटिव पायी गई हैं। उन्होंने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है।
इंस्टाग्राम पोस्ट
जरूरी एहतियातों का पालन कर रही हूं- निक्की
निक्की 'बिग बॉस 14' की फाइनलिस्ट रही हैं।
निक्की ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर बताया कि शुक्रवार को उन्हें कोरोना संक्रमित पाया गया है। अभी निक्की होम क्वारंटाइन में खुद का ख्याल रख रही हैं।
निक्की ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'मुझे आज सुबह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मैंने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। मैं डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाइयां ले रही हूं। साथ ही जरूरी एहतियातों का पालन कर रही हूं।'
एहतियात
निक्की ने अपने प्रशंसकों को वायरस से सुरक्षित रहने के लिए कहा
अभिनेत्री ने अनुरोध करते हुए लोगों से कहा है कि जो भी लोग हाल के दिनों में उनके संपर्क में आए हैं, उन्हें कोविड-19 की जांच करा लेनी चाहिए।
उन्होंने अपने प्रशंसकों को प्यार और समर्थन देने के लिए आभार जताया है। इसके साथ ही निक्की ने अपने फैंस को सुरक्षित रहने के लिए कहा है।
उन्होंने अपने फैंस से मास्क पहनने, सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करने और एक नियमित अंतराल पर हाथों को सैनिटाइज करने के लिए कहा है।
काम
चंडीगढ़ से एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग करके लौटी हैं निक्की
निक्की के कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने के आने के बाद कई कलाकारों ने अभिनेत्री के जल्द ठीक होने की कामनाएं की हैं।
मॉडल और अभिनेता अभिनव शुक्ला ने सोशल मीडिया पर निक्की के कोरोना संक्रमित होने की खबर सुनकर अपना आश्चर्य व्यक्त किया है।
बता दें निक्की हाल ही में चंडीगढ़ से एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग करके लौटी थीं।
निक्की ने दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपनी अच्छी-खासी पहचान बनाई है।
बिग बॉस 14
'बिग बॉस 14' में ऐसा रहा निक्की का सफर
'बिग बॉस 14' में अपने उग्र व्यवहार के लिए निक्की को हमेशा आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इस सीजन में अल्हड़ अंदाज के कारण निक्की सुर्खियों में रही।
उन्हें कई बार बिग बॉस के होस्ट सलमान खान द्वारा प्रतियोगियों के साथ गलत व्यवहार करने के कारण डांटा गया था। इसके बावजूद उनको दर्शकों की काफी सराहना मिली थी।
शो के फिनाले में तीसरे नंबर पर निक्की रहीं, जबकि रुबीना दिलैक ने इस शो का खिताब जीता था।
करियर
निक्की ने इस फिल्म से शुरू किया था करियर
निक्की ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2018 में तेलुगु फिल्म 'Chikati Gadilo Chitha Kotudu' से की थी।
इस फिल्म में उन्हें अभिनेता अदित अरुण के साथ लीड एक्ट्रेस के तौर पर देखा गया था।
इसके बाद उन्होंने फिल्म 'कंचना 3' से तमिल इंडस्ट्री में कदम रखा था। राघव लॉरेंस के अभिनय से सजी इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया और इसी से निक्की को भी पहचान हासिल हुई थी।
वर्कफ्रंट
'खतरों के खिलाड़ी' के आगामी सीजन में नजर आ सकती हैं निक्की
निक्की 'खतरों के खिलाड़ी' के आगामी सीजन में नजर आ सकती हैं। वीजे ऐंडी के साथ हाल ही में एक इंटरव्यू में निक्की ने इशारा किया कि वह 'खतरों के खिलाड़ी 11' में दिखने वाली हैं।
निक्की ने इंटरव्यू में कहा था, "मैं फिर एक रियलिटी शो कर सकती हूं। मैं इसका नाम नहीं लूंगी।"
जब निक्की से कुछ हिंट देने के लिए कहा गया, तो वह शेर की तरह दहाड़ती हुए दिखीं, जिससे कयासों का बाजार गर्म हो गया।
कोरोना वायरस
भारत में फिर से बढ़ रहे हैं कोरोना वायरस के मामले
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 39,726 नए मामले सामने आए और 154 मरीजों की मौत हुई है।
सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 2,71,282 हो गई है। देश में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय मामलों में इजाफा देखा गया है।
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 25,833 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 58 मरीजों की मौत हुई। ये महामारी की शुरुआत के बाद से अब तक के सर्वाधिक दैनिक मामले हैं।